खास खबर : आईजीएल ने घरेलू पीएनजी कनेक्शन पर दी 2000 रुपये छूट और 500 रुपये मुफ्त गैस

 नई दिल्ली (नोएडा खबर डॉट कॉम)
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने पीएनजी ड्राइव 3.0 अभियान के तहत नई योजना शुरू की है। इसके तहत घरेलू पीएनजी कनेक्शन लेने वालों को रजिस्ट्रेशन शुल्क में 2,000 रुपये की छूट मिलेगी और कनेक्शन चालू होने पर 500 रुपये की मुफ्त गैस भी दी जाएगी। यह योजना दिल्ली-एनसीआर और आईजीएल के अधिकृत क्षेत्रों में लागू होगी।
नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में गेल (इंडिया) लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) आयुष गुप्ता ने योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर आईजीएल के प्रबंध निदेशक कुमार शंकर और निदेशक (वाणिज्य) मोहित भाटिया भी मौजूद रहे। नोफा के अध्यक्ष पुनीत शर्मा और फोनरवा के महासचिव के.के. जैन समेत कई निवासी नेताओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आयुष गुप्ता ने कहा कि पीएनजी सुरक्षित, सस्ता और पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प है। उन्होंने लोगों से एलपीजी छोड़कर पीएनजी अपनाने की अपील की।
आईजीएल के प्रबंध निदेशक कुमार शंकर ने कहा कि कंपनी का मकसद ज्यादा से ज्यादा घरों तक साफ ईंधन पहुंचाना है। आरडब्ल्यूए और सोसाइटियों के साथ मिलकर कनेक्शन देने की प्रक्रिया को आसान बनाया जा रहा है। नोफा के अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि हाई-राइज सोसाइटियों को एलपीजी सिलेंडर की जगह पीएनजी कनेक्शन लेना चाहिए। इससे सुरक्षा बढ़ेगी और खर्च भी कम होगा। उन्होंने कहा कि नोफा इस अभियान में आईजीएल का पूरा साथ देगी।
फोनरवा के महासचिव के.के. जैन ने आईजीएल की तारीफ करते हुए कहा कि मुश्किल समय में भी कंपनी ने बिना रुकावट गैस सप्लाई बनाए रखी। उन्होंने हर घर तक पीएनजी पहुंचाने के मिशन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *