नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा के सेंचुरी अपार्टमेंट, सेक्टर-100 में एक साधारण-सी सोच ने दो दिनों में कई परिवारों की ज़िंदगी में रोशनी भर दी। सामाजिक कार्यकर्ता पवन यादव ने एक दो दिवसीय जनसेवा अभियान चलाया, जिसका मकसद था—घरों में पड़े पुराने और अब काम न आने वाले सामान को फेंकने या कबाड़ में देने के बजाय जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना।
सोसाइटी के निवासियों ने इस पहल को दिल से स्वीकार किया। कपड़े, चादरें, जूते-चप्पल, साइकिल, खिलौने, कुर्सियां, मेज, इलेक्ट्रॉनिक सामान और इंडक्शन जैसे कई सामान उत्साह से दान किए गए। कुछ जरूरतमंद परिवार खुद आकर अपनी जरूरत के हिसाब से सामान ले गए। जो सामान बाकी बचा, उसे अब शहर के लेबर चौक और आसपास रहने वाले मजदूर परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
पवन यादव कहते हैं, “आपका पुराना कपड़ा किसी जरूरतमंद को सर्दी में राहत दे सकता है। आपके बच्चों के पुराने खिलौने किसी मजदूर के बच्चे के चेहरे पर मुस्कान ला सकते हैं। और आपकी अनुपयोगी साइकिल किसी बच्चे के स्कूल जाने का सहारा बन सकती है।”
वे पिछले लगभग 12 वर्षों से यही काम कर रहे हैं—लोगों के घरों से ऐसा सामान इकट्ठा करके जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना, जो एक जगह बेकार हो चुका हो, लेकिन दूसरी जगह किसी की बड़ी जरूरत बन सकता हो।इस अभियान ने एक बार फिर याद दिलाया कि समाज में बदलाव लाने के लिए बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती। जरूरत होती है छोटी-छोटी अच्छी सोच और सामूहिक सहयोग की। जो सामान आपके लिए अनुपयोगी हो चुका है, वह किसी और के लिए बेहद उपयोगी हो सकता है। सामान नहीं, खुशियां बांटिए।