नोएडा: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी शूटर माया त्यागी ढेर, दो पुलिस कर्मी गोली लगने से घायल

नोएडा,( नोएडा खबर डॉट कॉम)

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की सीआरटी टीम और थाना सेक्टर-126 पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई में शनिवार को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने के दौरान हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी ढेर हो गया। मुठभेड़ में दो पुलिस कर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

घटना का पूरा घटनाक्रम
दिनांक 31.10.2026 को सीआरटी टीम और थाना सेक्टर-126 पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के संकेत पर रुकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के दौरान अपराधी और दो पुलिस कर्मी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार के दौरान अपराधी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पुलिस कर्मी उपचाराधीन हैं।

कैसे पकड़ा गया

आरोपी को संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार देखकर पुलिस टीम ने रोका। रुकने से इनकार करने और सीधे पुलिस पर गोली चलाने के बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल, खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई। घटनास्थल का निरीक्षण फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम द्वारा किया गया है।

मृतक अपराधी की पहचान और आपराधिक इतिहास
मृतक की पहचान अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी पुत्र धनेश, निवासी ग्राम छपार, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों के थानों में हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में लगभग 20 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह थाना बादलपुर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 306/2026 धारा 109, 351(2), 3(5), 126 बीएनएस में वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर ₹50,000 का इनाम घोषित था। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।पुलिस का कहना है कि आरोपी के पुलिस पर फायरिंग करने के बाद ही आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई। आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *