नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
शारदीय नवरात्रों के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में रामलीला मंचन जोरों पर है। 12 अक्टूबर को श्रीराम मित्र मण्डल नोएडा, श्री सनातन धर्म रामलीला समिति और श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीलाओं के दूसरे दिन दर्शकों ने राम जन्म, बाल लीला, रावण के अहंकार और श्रवण कुमार की मार्मिक कथा जैसे प्रसंगों का मंचन देखा। तीनों स्थानों पर मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
सेक्टर-62 में श्रीराम मित्र मण्डल की रामलीला
श्रीराम मित्र मण्डल नोएडा द्वारा सेक्टर-62 के रामलीला मैदान में दूसरे दिन राम जन्म और भजन जेमिंग का कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि देवदत्त शर्मा (पूर्व चेयरमैन, नोएडा प्राधिकरण), शालिनी सिंह (अध्यक्ष, एनसीएफ), इंदुप्रकाश सिंह (ओएसडी, नोएडा प्राधिकरण), सत्यनारायण गोयल, राकेश शर्मा, नीरज शर्मा और यू.के. शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर लीला का शुभारंभ किया। समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। मंचन में देवताओं की प्रार्थना, राजा दशरथ के यज्ञ, राम-लक्ष्मण-भरत-शत्रुघ्न का जन्म, बाल स्वरूप राम से शिव की भेंट और विश्वामित्र के साथ ताड़का-मारीच-सुबाहु का वध दिखाया गया।
गायक गगन राठौर ने भजन जेमिंग से माहौल रंगीन कर दिया। इस अवसर पर राजेन्द्र गर्ग, मनोज शर्मा, अनिल गोयल, राजकुमार गर्ग, चौधरी रविन्द्र सिंह, तरुणराज और पवन गोयल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
नोएडा स्टेडियम में सनातन धर्म रामलीला समिति का मंचन
श्री सनातन धर्म रामलीला समिति, नोएडा द्वारा हरि भक्ति कला ट्रस्ट के सहयोग से नोएडा स्टेडियम में आयोजित रामलीला के दूसरे दिन रावण के अहंकार और श्रवण कुमार की कथा का प्रभावशाली मंचन हुआ। निर्देशक पंकज शर्मा के निर्देशन में कलाकारों ने त्रेतायुग के दृश्य जीवंत किए। रावण की तपस्या, वेदवती के श्राप और श्रवण कुमार के बलिदान के प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बालक रावण की भूमिका में अंगद, रावण के रूप में अमित शर्मा, रंभा की भूमिका में सुहानी और वेदवती की भूमिका में सोनम ने अभिनय किया। श्रवण कुमार की भूमिका में संभव और राजा दशरथ की भूमिका में हिमांशु ने सराहना बटोरी। समिति के चेयरमैन डॉ. टी.एन. गोविल, अध्यक्ष टी.एन. चौरसिया, महासचिव संजय बाली, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अल्पेश गर्ग, रमेश कुमार और एस.के.एस. राणा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और दर्शक उपस्थित रहे।
सेक्टर-46 में श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी की रामलीला
श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी द्वारा रामलीला ग्राउंड, ए ब्लॉक, सेक्टर-46 में आयोजित रामलीला का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुकेश शर्मा (वरिष्ठ समाजसेवी), महेश चौहान (जिलाध्यक्ष, भाजपा नोएडा महानगर) और अमित गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में राजा दशरथ के दरबार में विश्वामित्र का आगमन, राम-लक्ष्मण द्वारा ताड़का व सुबाहु का वध, मारीच को समुद्र में फेंकना, खर-दूषण वध और अहिल्या का उद्धार जैसे प्रसंग दिखाए गए। इसके बाद जनकपुर में राम-सीता की भेंट और पुष्प वाटिका का मंचन हुआ। आयोजन समिति के चेयरमैन मनोज अग्रवाल, वाइस चेयरमैन राजेंद्र जैन, अध्यक्ष विपिन अग्रवाल, महासचिव गिर्राज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, संजय गोयल और आलोक गुप्ता सहित कई सदस्य मौजूद रहे।


