नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
स्वच्छता ही सेवा–2026 के तहत वाईएसएस फाउंडेशन ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के रिफाइनरी मुख्यालय के सहयोग से रविवार को सेक्टर-94 स्थित युवा शक्ति घाट पर वृहद स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान चलाया। इसमें 500 से अधिक युवा, विद्यार्थी, स्वयंसेवक, सामाजिक संस्थाएं और नागरिक शामिल हुए। घाट व आसपास से 12 हजार किलोग्राम से अधिक कूड़ा, प्लास्टिक और पॉलीथिन एकत्र किया गया।
अभियान की शुरुआत स्वच्छता शपथ से हुई। थीम थी—“स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत”। वाईएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। यमुना और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए युवाओं, नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, कॉर्पोरेट क्षेत्र और प्रशासन की साझी भागीदारी जरूरी है।
संस्था के अनुसार अब तक 230 से अधिक यमुना और पर्यावरण स्वच्छता अभियान चलाए जा चुके हैं।कार्यक्रम में इंडियन ऑयल के अमित कुमार बिमल, असामे गोगोई और अपूर्व व्यास तथा नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश सिंह शामिल रहे।
नोएडा सिटीजन फोरम की अध्यक्ष शालिनी सिंह ने स्वयं सफाई में हिस्सा लेकर युवाओं को प्रेरित किया।स्माइल इंडिया ट्रस्ट, लायंस क्लब दिल्ली वेज, फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन, भारत विकास परिषद, टाटा प्रोजेक्ट्स, एमिटी विश्वविद्यालय के समाज कल्याण विभाग, डीएवी विद्यालय के विद्यार्थी, भारतीय सेना के जवान और यमुना टास्क फोर्स ने भी सहयोग दिया।
अभियान के अंत में सभी ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक कम करने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प लिया। आयोजकों का कहना है कि युवाओं को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर ही स्थायी बदलाव संभव है।


