लखनऊ। नोएडा खबर डॉट कॉम।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने कैश कैरियरों की रेकी कर दिनदहाड़े करोड़ों रुपये लूटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के मास्टरमाइंड दिनेश चन्द्र यादव उर्फ छोटू सहित पांच अन्य सक्रिय साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान 48 लाख 45 हजार रुपये नकद, अवैध पिस्टल मय कारतूस, घटनाओं में प्रयुक्त मारुति बलेनो कार और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
एसटीएफ मुख्यालय की टीम ने अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा निरीक्षक हेमन्त भूषण सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर 8 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि लगभग 1:50 बजे थाना गोमतीनगर क्षेत्र में सहारा पुल के नीचे क्रिकेट एकेडमी के गेट के पास घेराबंदी की गई। सफेद बलेनो कार और मोटरसाइकिल पर सवार अभियुक्त नकदी से भरे बैगों का आदान-प्रदान कर रहे थे। आवश्यक बल प्रयोग कर छहों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों में गैंग लीडर दिनेश चन्द्र यादव (लगभग 23 वर्ष, ग्राम भुजंगीपुरवा, चिनहट), सौरभ यादव (25 वर्ष, हांसेमऊ), अमन उर्फ रमन यादव (25 वर्ष, ग्वारी), सौरभ दीक्षित (22 वर्ष, खरगापुर), मोहित कनौजिया (24 वर्ष, कांशीराम कॉलोनी) और ज्ञान सिंह (25 वर्ष, मूल निवासी बेगूसराय, बिहार) शामिल हैं।
बरामदगी में दिनेश यादव से 12.50 लाख, सौरभ यादव से 10.90 लाख, अमन यादव से 11.10 लाख, सौरभ दीक्षित से 5.75 लाख, मोहित कनौजिया से 4.20 लाख और ज्ञान सिंह से 4 लाख रुपये मिला। इसके अलावा एक अवैध 0.32 बोर पिस्टल मय दो जिंदा कारतूस, लूट की रकम से खरीदी गई बलेनो कार (यूपी32 सा 5009), रेकी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और पीड़ितों के ड्राइविंग लाइसेंस व पहचान पत्र भी मिले।
पूछताछ में कई सनसनीखेज घटनाओं का खुलासा हुआ। गिरोह गुजरात से जुड़े मसाला और कृषि उत्पाद व्यापारियों के कैश कैरियरों को निशाना बनाता था। अमृत लाल पाल नामक मुखबिर कैरियरों के ठिकाने, स्कूटी नंबर और रूट की सटीक जानकारी देता था। मोहित कनौजिया रेकी करता, फिर सौरभ यादव सेलेरियो या बलेनो कार से स्कूटी को टक्कर मारकर गिरा देता। दिनेश यादव पिस्टल दिखाकर धमकी देता और बाकी साथी लोहे की रॉड-डंडों से मारपीट कर नकदी का बैग छीनकर फरार हो जाते।
प्रमुख घटनाओं में 2 मई 2026 को विराजखंड सब्जी मंडी के पास 22 लाख, 3 जुलाई 2026 को विराटखंड में 45 लाख, 3 सितंबर 2026 को मेयो अस्पताल के पास और 24 अक्टूबर 2026 को आशियाना सेक्टर-जी में बड़ी रकम की लूट शामिल हैं। अभियुक्तों ने कुल मिलाकर 22 लाख, 45 लाख, 80 लाख और 1.55 करोड़ रुपये की लूट करने की बात स्वीकार की। बरामद 48.45 लाख रुपये इन्हीं घटनाओं का बचा हुआ हिस्सा है।दयाल चौराहा, ग्वारी चौराहा और शंकर चौराहा पर भी कई बार प्रयास किए गए, लेकिन पुलिस गश्त और भीड़ के कारण सफल नहीं हो सके। गिरफ्तार अभियुक्तों को गोमतीनगर थाने में मुकदमा संख्या 491/2026 (बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट) के तहत दाखिल कर दिया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।