ग्रेटर नोएडा: गोवर्धन पूजा पर पैतृक गांव वैदपुरा पहुंचे सचिन पायलट, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट गोवर्धन पूजा के अवसर पर सोमवार को अपने पैतृक गांव वैदपुरा पहुंचे। उन्होंने अपने पैतृक आवास पर परिवारजनों और ग्रामीणों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गोवर्धन पूजन में भाग लिया तथा क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।

सचिन पायलट के आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य संदीप नागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय क्षेत्रवासियों ने स्व. राजेश पायलट गोलचक्कर पर उनका गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। उपस्थित लोगों ने उन्हें पुष्पमालाएं और पुष्पगुच्छ भेंट किए।
जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि सचिन पायलट का गोवर्धन पूजा पर पैतृक गांव वैदपुरा आना हम सभी कांग्रेसजनों और क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। स्व. राजेश पायलट का इस क्षेत्र की मिट्टी, किसानों और आम जनमानस से गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट उसी पारिवारिक विरासत और अपनी जड़ों से जुड़ाव की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य संदीप नागर ने कहा कि स्व. राजेश पायलट की स्मृतियां आज भी इस क्षेत्र के लोगों के हृदय में जीवित हैं। सचिन पायलट का अपने पैतृक गांव से निरंतर जुड़ाव क्षेत्रवासियों के लिए विशेष आत्मीयता का विषय है। गोवर्धन पूजा पर उनका गांव आना अपनी मिट्टी, संस्कृति और लोगों के प्रति अटूट लगाव का प्रतीक है।

इस अवसर पर गौतम अवाना, रामकुमार तंवर, संदीप नागर, विजय नागर, बिंदर नागर, गौरव नागर, मुकेश शर्मा, सतीश शर्मा, चरण सिंह, किशन शर्मा, करण सिंह, अरुण भाटी, अरविंद रेक्सवाल, देवेंद्र भाटी, मोहित भाटी, कपिल भाटी, रमेश बघेल, नीरज शर्मा, अमित कुमार, संदीप भाटी, राजसिंह, रूपेश भाटी, बिन्नू भाटी, सुबोध भट्ट, मोहम्मद रजा, असगर अली, जगदीश नागर, रन सिंह प्रधान सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि सचिन पायलट व्यस्त राजनीतिक जीवन के बावजूद प्रत्येक वर्ष गोवर्धन पूजा पर अपने पैतृक गांव वैदपुरा पहुंचकर पारिवारिक परंपराओं का निर्वहन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *