-यूपी में पांच वरिष्ठ अफसरों का फेरबदल, रवि कुमार को यूपीसीडा की कमान
लखनऊ/ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। इस क्रम में ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रवि कुमार का तबादला कर दिया गया है और उनकी जगह डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का नया सीईओ बनाया गया है।आदेश के अनुसार, रवि कुमार को ग्रेटर नोएडा सीईओ और एनसीआर लोकल कमिश्नर के पद से हटाकर यूपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीएसआईडीए) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्र विभाग का आयुक्त एवं निदेशक नियुक्त किया गया है।
डॉ. बलकार सिंह, जो अभी तक यूपीएसआईडीए के सीईओ पद पर तैनात थे, अब ग्रेटर नोएडा के सीईओ बनेंगे। इस पद के साथ एनसीआर क्षेत्र के लोकल कमिश्नर की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है।
इस फेरबदल में अन्य महत्वपूर्ण तबादले भी शामिल हैं। कानपुर मंडल के कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन को वाराणसी मंडल का कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, वाराणसी मंडल के कमिश्नर एस. राजलिंगम को कानपुर मंडल का प्रभार दिया गया है।के. विजयेंद्र पांडियन के पास जो टेक्सटाइल और औद्योगिक संबंधी अतिरिक्त प्रभार थे, उन्हें श्रम आयुक्त सौम्या अग्रवाल को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपा गया है। इनमें राज्य टेक्सटाइल, स्पिनिंग और यार्न कॉरपोरेशन, कोऑपरेटिव स्पिनिंग मिल्स फेडरेशन तथा टेक्सटाइल एंड अपैरल पार्क अथॉरिटी के प्रबंध निदेशक पद के साथ-साथ उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्र विभाग के आयुक्त एवं निदेशक का पद भी शामिल है।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल औद्योगिक विकास और प्रमुख शहरों के प्रशासनिक कामकाज को और मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। ग्रेटर नोएडा में सीईओ पद पर बदलाव को खासतौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ग्रेटर नोएडा में एसीईओ प्रवीण वर्मा का भी ट्रांसफर किया गया है। उन्हें शामली का डीएम बनाया गया है।
