– महिलाओं,बच्चों और बुजुर्गों के मतदान से वंचित रहने की आशंका, आरडब्ल्यूए ने बहाली की मांग की
नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
सेक्टर-44 के एबीसी ब्लॉक में मतदान केंद्रों के बार-बार स्थानांतरण को लेकर निवासियों में गहरा असंतोष फैल गया है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि पहले यहां चार मतदान केंद्र थे और सभी निवासी सेक्टर के अंदर ही मतदान करते थे। लेकिन एक केंद्र को बाहर शिफ्ट किए जाने के बाद बड़ी संख्या में मतदाताओं ने पिछली विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं किया।
आरडब्ल्यूए के महासचिव सुधीर सूद ने बताया कि स्थानांतरित केंद्र से जुड़े अधिकतर मतदाता महिलाएं, बच्चे और वरिष्ठ नागरिक हैं, जो सेक्टर से बाहर जाकर मतदान करने में असमर्थ रहे। इस मुद्दे पर सिटी मजिस्ट्रेट को केंद्र को वापस लाने के लिए पत्र पहले ही भेजा जा चुका है। इसके बावजूद हाल ही में जारी अद्यतन मतदाता सूचियों में एक और मतदान केंद्र को बाहर स्थानांतरित दिखाया गया है।
सूद के अनुसार, मतदान केंद्र का स्थानांतरण केवल केंद्र का शिफ्ट होना नहीं है, बल्कि उससे जुड़े बीएलओ और सभी संबंधित मतदाताओं का भी स्थानांतरण हो जाता है। इससे मतदाताओं में नाराजगी बढ़ रही है और कई लोग अब मतदान से दूर रहने की बात कर रहे हैं।
आरडब्ल्यूए ने सवाल उठाया है कि क्या प्रशासन मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास कर रहा है या उसे और नीचे लाने का। निवासियों ने दोनों मतदान केंद्रों को तुरंत सेक्टर के अंदर बहाल करने की मांग की है।
