नोएडा: बड़ी कंपनियों की तर्ज पर किसानों-मजदूरों का भी 95 प्रतिशत कर्ज माफ करे सरकार: डॉ. आश्रय गुप्ता, अध्यक्ष, सपा नोएडा

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर संगठन ने सेक्टर-29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में प्रेस वार्ता कर मांग की कि जिस तरह बड़ी कंपनियों और उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रुपये के कर्ज का एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (ARC) के माध्यम से भारी छूट देकर निपटारा किया जा रहा है, उसी तर्ज पर किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्गीय परिवारों को भी उनके कर्ज में 95 प्रतिशत तक की राहत दी जाए।
महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि JKM Infra Projects Limited के लगभग 1,537.60 करोड़ रुपये के कर्ज का कथित तौर पर मात्र 73.50 करोड़ रुपये में ARC के जरिए निपटारा कर दिया गया, जो लगभग 95 प्रतिशत राहत के बराबर है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बड़ी कंपनियों को इतनी बड़ी राहत दी जा सकती है, तो आर्थिक संकट से जूझ रहे आम नागरिकों और किसानों को ऐसी राहत क्यों नहीं मिल सकती।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि बड़े उद्योगपतियों के कर्ज का समझौते से निपटारा हो रहा है, जबकि गरीब किसान या छोटे व्यापारी का खाता एनपीए होने पर उनकी जमीन-मकान कुर्क कर दिए जाते हैं। कई मामलों में कर्ज वसूली के नाम पर परिवारों को प्रताड़ित किया जाता है और आत्महत्या जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं।
उन्होंने बताया कि नोएडा में लगभग 9.5 लाख लोगों पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है, जिनमें बड़ी संख्या मध्यम वर्गीय परिवारों की है जिन्होंने घर खरीदने के लिए लोन लिया है।समाजवादी पार्टी ने मांग की कि कृषि ऋण, छोटे व्यापारियों के व्यावसायिक ऋण, स्वयं सहायता समूहों के ऋण, मुद्रा लोन, शिक्षा ऋण और होम लोन के लिए विशेष राहत योजना बनाई जाए, जिसमें पात्र लोगों को 95 प्रतिशत तक की छूट दी जाए।
प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता, महासचिव विकास यादव, विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान, उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव, प्रदेश सचिव अमित भाटी, बबली शर्मा, उदय सिंह, राणा मुखर्जी, लोकेश यादव, कैलाश यादव और राहुल यादव उपस्थित रहे।पार्टी ने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार से तत्काल ठोस नीति बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *