नोएडा/नई दिल्ली। नोएडा खबर डॉट कॉम।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नोएडा के सेक्टर-136 में चल रहे एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और साइबर ठगी रैकेट का पर्दाफाश किया है। छापेमारी में 164 विदेशी नागरिकों को अवैध बंधन से मुक्त कराया गया। इनमें इंडोनेशिया के 92 और मलेशिया के 72 नागरिक शामिल हैं। सभी की उम्र लगभग 19 से 24 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इन युवाओं को भारत में अच्छी नौकरी और मोटी तनख्वाह का लालच देकर बुलाया। भारत पहुंचते ही उनके पासपोर्ट छीन लिए गए और उन्हें पीजी में बंधक बनाकर रखा गया। फिर उन्हें फर्जी निवेश और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म (जैसे जेंट्रिक्स, क्वांटवोरो आदि) के जरिए अपने ही देश के लोगों से साइबर ठगी कराने को मजबूर किया गया। विरोध करने पर मारपीट और धमकियों का आरोप भी है।
मामले की जानकारी एक विदेशी नागरिक के ई-मेल से मिली। दिल्ली पुलिस के जॉइंट सीपी (क्राइम) सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। मौके से 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट बरामद किए गए। एक 25 वर्षीय मलेशियाई नागरिक तन गुआन वेई (विलियम) को गिरफ्तार किया गया है। दो भारतीय आरोपियों सुनील कुमार और सुशील कुमार की तलाश जारी है।
मुक्त कराए गए नागरिकों को एफआरआरओ के सहयोग से उनके देश वापस भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य सदस्यों की जांच तेज कर दी है। मामला भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है।
