गौतमबुद्धनगर। नोएडा खबर डॉट कॉम।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी जे. रविन्दर गौड़ को गौतमबुद्धनगर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वे इससे पहले गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त थे। उनकी जगह लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। यह फेरबदल कुल 28 IPS अधिकारियों के तबादले का हिस्सा है।
तेलंगाना के निवासी हैं
जे. रविन्दर गौड़ तेलंगाना के महबूब नगर के रहने वाले हैं। उनका जन्म 1 दिसंबर 1973 को हुआ था। उन्होंने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए किया है। उनके पिता का नाम स्वर्गीय जे. संजन्ना गौड़ है। वे उत्तर प्रदेश कैडर के डायरेक्ट रिक्रूट IPS अधिकारी हैं।उनका पुलिस करियर काफी लंबा रहा है। उन्होंने मेरठ, मुरादाबाद, लखनऊ और अलीगढ़ समेत कई महत्वपूर्ण जिलों में SSP के रूप में जिम्मेदारी संभाली। बाद में वे गोरखपुर रेंज के IG भी रहे।
जनवरी 2024 में उन्हें आगरा का पुलिस कमिश्नर बनाया गया, जहां उन्होंने लगभग 15 महीने तक काम किया। अप्रैल 2025 में उन्हें गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। अब वे गौतमबुद्धनगर की कमान संभालेंगे।गौड़ को अपराध नियंत्रण पर सख्त और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग का अधिकारी माना जाता है। आगरा में उन्होंने बीट पुलिस व्यवस्था लागू की और कई बड़े मामलों का खुलासा किया। गाजियाबाद में उनके कार्यकाल में मुठभेड़, अवैध संपत्ति की कुर्की और मादक पदार्थ बरामदगी जैसी कार्रवाइयां हुईं। उन्हें DG’s Commendation Disc (Silver, Gold और Platinum) से भी सम्मानित किया जा चुका है।गौतमबुद्धनगर जैसे संवेदनशील और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
