खास खबर : गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किया पेंशनर्स कक्ष का उद्घाटन

-पुलिस लाइन्स में सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए बनाया गया विशेष कक्ष
नोएडा (नोएडा खबर डॉट कॉम)
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन्स, गौतमबुद्धनगर में नवस्थापित पेंशनर्स कक्ष का उद्घाटन किया। यह कक्ष सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान तथा उनके अनुभव का संगठन में बेहतर उपयोग करने के उद्देश्य से बनाया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी संगठन की अमूल्य धरोहर हैं। उनके दीर्घकालीन अनुभव, कार्यकुशलता और सेवा भावना पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जनोन्मुखी बना सकते हैं। नवस्थापित कक्ष का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानजनक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण देना है, जहां उनकी बात सुनी जाए और समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही पुलिस व्यवस्था, जनसेवा और संगठनात्मक कार्यों को सुदृढ़ बनाने के लिए उनके सुझावों का उपयोग भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना की और पुलिस कमिश्नरेट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कक्ष सेवानिवृत्त कार्मिकों और पुलिस संगठन के बीच संवाद तथा समन्वय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय श्रीमती शैव्या गोयल, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन्स शकील मोहम्मद, सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक एवं अध्यक्ष उ.प्र. पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान शाखा गौतमबुद्धनगर अजीत सिंह, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं समन्वयक पीपीएस वेलफेयर एसोसिएशन सेवक राम यादव, महासचिव रघुराज सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष मोहम्मद अख्तर, सदस्य आर.के. सिंह , देवेंद्र कुमार व सचिव यदुराज सिंह सहित अन्य सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *