नोएडा। लोकसत्य।
नोएडा शहर में 40 वर्षों से लगातार रामलीला मंचन और विजयादशमी महोत्सव का आयोजन करने वाली श्री सनातन धर्म रामलीला समिति ने शनिवार को प्रेसवार्ता में इस वर्ष के कार्यक्रम की जानकारी दी। प्राधिकरण और प्रशासन के सहयोग से यह आयोजन रामलीला ग्राउंड, नोएडा स्टेडियम सेक्टर 21ए में होगा।
नोएडा शहर में 40 वर्षों से लगातार रामलीला मंचन और विजयादशमी महोत्सव का आयोजन करने वाली श्री सनातन धर्म रामलीला समिति ने शनिवार को प्रेसवार्ता में इस वर्ष के कार्यक्रम की जानकारी दी। प्राधिकरण और प्रशासन के सहयोग से यह आयोजन रामलीला ग्राउंड, नोएडा स्टेडियम सेक्टर 21ए में होगा।
समिति के महासचिव संजय बाली ने बताया कि रामलीला का मंचन 22 सितंबर 2025 से 3 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। शहर के सभी प्रमुख लोग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, जिससे आयोजन हमेशा सफल होता है। इस बार 40 वर्षों के प्रयासों को देखते हुए हरी भक्त कला ट्रस्ट के सहयोग से दिल्ली और मुंबई के प्रसिद्ध टीवी व फिल्म कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। दशहरा 2 अक्टूबर 2025 को रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा। अगले दिन 3 अक्टूबर 2025 को भरत मिलाप के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांडिया नृत्य के बीच लीला का समापन होगा।
समिति के चेयरमैन टी एन गोविल ने बताया कि रामलीला का शुभ आरंभ 22 सितंबर 2025 को शाम 7 बजे गणेश पूजन से होगा। इसमें संस्था के मुख्य संरक्षक डॉ. महेश शर्मा गौतमबुद्धनगर सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री भारत सरकार, पंकज सिंह विधायक नोएडा, विमला बाथम पूर्व अध्यक्ष महिला आयोग उ.प्र., कैप्टन विकास गुप्ता अध्यक्ष उ.प्र. कृषि अनुसंधान परिषद, नवाब सिंह नागर पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश, पी के अग्रवाल स्वागत अध्यक्ष, पीयूष द्विवेदी, कार्यक्रम संयोजक मधुसूदन दादू जी राष्ट्रीय अध्यक्ष लघु उद्योग भारती, डॉ. वी.एस. चौहान सीएमडी प्रकाश हॉस्पिटल उपस्थित रहेंगे।
समिति के अध्यक्ष टी एन चौरसिया ने बताया कि आयोजन की एक खास झलक 26 सितंबर 2025 को भव्य राम बारात होगी। बैंड बाजे, रथ, ढोल नगाड़े और सुंदर झांकियों के साथ यह दोपहर 3 बजे श्री सनातन धर्म मंदिर सेक्टर 19 नोएडा से शुरू होकर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से गुजरते हुए रामलीला मैदान सेक्टर 21ए रात 8 बजे पहुंचेगी। मंच इस बार पहले से भी ज्यादा सुंदर बनेगा। प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य मंचन होगा। पूरे ग्राउंड पर आकर्षक लाइटिंग और दर्शकों के लिए बैठने की अच्छी व्यवस्था की गई है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी 2 अक्टूबर 2025 को मनाया जाएगा। इसमें रावण का पुतला 80 फीट, कुंभकरण का 75 फीट और मेघनाथ का 65 फीट ऊंचा होगा। रंग-बिरंगे अंदाज में पगड़ी पहने ये पुतले बिजली की लाइटों से जगमगाएंगे। दहन के समय सुंदर आतिशबाजी भी होगी। प्रशासन से सभी अनुमतियां ले ली गई हैं। मंच की सजावट में डबल मंच पर महल, जंगल, पहाड़ और किले का निर्माण किया जा रहा है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षाकर्मी, स्वयंसेवक और समिति के सदस्य व्यवस्था संभालेंगे। आयोजन के दौरान फूड स्टॉल, झूला, सर्कस और फायर क्रैकर शो भी होंगे। प्रतिदिन हजारों लोग रामलीला देखने आते हैं, जबकि दशहरा के दिन वीआईपी अतिथियों, अधिकारियों और प्रमुख व्यक्तियों समेत लाखों नागरिक शामिल होंगे।
