-पोते-पोतियों ने दादा शहीद स्क्वाड्रन लीडर आई.एच. नक़वी को किया याद
नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

सेक्टर-29 स्थित शहीद स्मारक पर आज 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही गरिमामय और भावुक माहौल में मनाया गया। राष्ट्रीय ध्वज के साथ-साथ तीनों रक्षा बलों के ध्वज फहराते हुए स्मारक की भव्यता को और निखार रहे थे। यह स्मारक देश का एकमात्र त्रि-सेवा (थ्री सर्विसेज) शहीद स्मारक है, जिसे 13 अप्रैल 2002 को तीनों सेनाध्यक्षों द्वारा राष्ट्र को समर्पित किया गया था। यहां 45 वीर शहीदों की स्मृति को सदैव जीवित रखा जाता है।
समारोह में गौतम बुद्ध नगर के पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। संस्था के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल जी. एल. बख्शी ने सबसे पहले समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इसके बाद फ्लाइट लेफ्टिनेंट जे. पी. शर्मा, कर्नल छिब्बर, श्रीमती थापर, श्रीमती नर्गिस नक़वी (अपने बच्चों और पोते-पोतियों के साथ), श्रीमती सुदेश एवं डॉ. संगीता, नरेश शर्मा, श्रीमती नरूरियाल, के. सिंह एवं परिवार, श्रीमती विजय गुप्ता सहित अन्य शहीद परिवारों के सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
वरिष्ठ पूर्व सैनिकों में लेफ्टिनेंट जनरल आर. सी. चड्ढा, सुरिंदर वर्मा, वाई. पी. खुराना, ब्रिगेडियर बाली, अशोक मेहिद्रत्ता, कमांडर नरेंद्र महाजन, कर्नल शशि वैद, ओ. पी. मेहता, आई. पी. सिंह, एस. खरबंदा, सुपाहिया, महेंद्र कुमार, कैप्टन कोहली, समीर कोहली तथा संस्था की कार्यकारिणी के सदस्यों और शहरवासियों ने भी श्रद्धांजलि दी।समारोह का सबसे भावुक और हृदयस्पर्शी पल तब आया, जब शहीद स्क्वाड्रन लीडर आई. एच. नक़वी की नातिन-नाती अनाया, रयान और शनाया नक़वी ने अपने दादा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दृश्य ने मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया और कई आंखें नम हो गईं।स्मारक की पवित्रता और सौंदर्य को बनाए रखने वाले कर्मचारियों का सम्मान करते हुए उन्हें मिठाइयां वितरित की गईं।
मीडिया से बातचीत में कमांडर नरेंद्र महाजन ने बताया कि शहीद स्मारक की वार्षिक श्रद्धांजलि समारोह 23 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी (पीवीएसएम, एवीएसएम, एनएम) मुख्य अतिथि रहेंगे। साथ ही स्मारिका 2026 का विमोचन भी किया जाएगा।शहीद स्मारक न केवल शहादत की याद दिलाता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और बलिदान की भावना से जोड़ता रहता है।
![]()
