नोएडा-ग्रेटर नोएडा में नगर निगम गठन की मांग तेज, राष्ट्रीय देहात मोर्चा ने उठाया संवैधानिक अधिकारों का मुद्दा

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों को स्थानीय निकाय चुनावों के माध्यम से अपने प्रतिनिधि चुनने के संवैधानिक अधिकार से वंचित रखे जाने के खिलाफ आवाज बुलंद हो रही है। राष्ट्रीय देहात मोर्चा ने ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रॉन 1ए में आयोजित विचार गोष्ठी में उत्तर प्रदेश सरकार से शीघ्र नगर निगम गठित करने की मांग की है।
राष्ट्रीय देहात मोर्चा के अध्यक्ष राव संजय भाटी ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद जैसे महानगरों में नियमित नगर निगम चुनाव होते हैं, लेकिन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और YEIDA क्षेत्र के लाखों निवासी इस लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में गौतम बुद्ध नगर जिले में नगर निगम गठन का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन प्राधिकरण अधिकारियों की गलत जानकारी और गुमराह करने के कारण इसे पास नहीं किया गया।राव संजय भाटी ने कहा, “प्राधिकरणों द्वारा विकास के नाम पर गांवों और सेक्टरों के निवासियों के साथ छल किया जा रहा है। प्राधिकरण बोर्ड में स्थानीय कोटे के किसी भी सदस्य का चुनाव या मनोनयन नहीं होता। स्वास्थ्य, स्वच्छ पानी, सीवर, यातायात जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। प्राधिकरण द्वारा अस्पताल, स्कूल और मार्केट की भूमि को बोली के माध्यम से ऊंची कीमत पर बेचा जा रहा है, जिससे ये सेवाएं महंगी हो रही हैं।”
गोष्ठी की अध्यक्षता डॉ. एम.एन. सांगवान ने की, जबकि संचालन RWA अध्यक्ष योगेंद्र मावई ने किया। एक्टिव सिटीजन ठाकुर आलोक सिंह ने नागरिक सुविधाओं की कमी पर चिंता जताई। पंकज अवाना ने प्राधिकरणों पर विकास के नाम पर छल का आरोप लगाया। भाकियू शहीद भगत सिंह के अध्यक्ष नवीन भाटी ने किसानों की बढ़ती समस्याओं का जिक्र किया, जबकि चौधरी भीम सिंह सिरसा ने प्राधिकरण CEO पर कार्यालय न आने का आरोप लगाया।
राव संजय भाटी ने सभी RWA, फेडरेशन, रेजिडेंट संगठनों और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे अपने जनप्रतिनिधियों से नगर निगम गठन की मांग रखें और देहात मोर्चा की इस मुहिम में सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन सड़कों पर उतरेगा।गोष्ठी में डॉ. महेश मावी (RWA अध्यक्ष ओमिक्रॉन 2), एड. अजीत सिंह, देवराज नागर, रकम राठी, वैभव नाथ शर्मा, रंजीत प्रधान, शुभांकर भारद्वाज, मुकेश भाटी, धर्मेंद्र भाटी, मुकेश मावई, गजेंद्र भाटी सहित कई गणमान्य नागरिकों ने संबोधित किया।
उपस्थित अन्य प्रमुख लोगों में चौधरी अजय नागर, हंसराज मावई, एड. बैसला, भारत सिंह चौधरी, उमेश शर्मा, धनीराम बसोया, आकाश भाटी, महेश बिधूड़ी, दुर्गेश शर्मा, कैलाश, केशव राघव, मदनपाल सिंह, एड. अरुण सिंह, विनोद चौहान, आजाद अवाना, सुरेश डागर, एड. अरुण प्रताप सिंह, तुषार सिंह आदि।यह मांग ऐसे समय में तेज हुई है जब हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा में मेट्रोपॉलिटन कॉर्पोरेशन गठन पर विचार किया है, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद उठा है। निवासी लंबे समय से प्राधिकरण मॉडल के बजाय चुने हुए निकाय की मांग कर रहे हैं ताकि पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर नागरिक सेवाएं सुनिश्चित हो सकें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *