नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने मंगलवार को शहर के कई क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया और सफाई व्यवस्था, अनुरक्षण, नालों की स्थिति, सड़कों की कनेक्टिविटी तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह सहित विभिन्न वर्क सर्किलों के वरिष्ठ प्रबंधक उपस्थित रहे।सीईओ ने कई स्थानों पर गंभीर कमियां पाईं, जिसके बाद उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों, सुपरवाइजरों और ठेकेदारों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रमुख निर्देश और कार्रवाई इस प्रकार हैं
सफाई में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: सेक्टर-8 के ई-9 के समीप मलबे का ढेर मिलने पर सफाई कर्मी राहुल, सोनी तथा हेल्थ सुपरवाइजर श्रीप्रकाश मिश्रा की सेवा समाप्त करने और अवर अभियंता हरेन्द्र मलिक का 10 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
सेक्टर-57 में सी-60-63 के समीप अत्यधिक मलबा पाए जाने पर सुपरवाइजर आजाद की सेवा समाप्त करने के आदेश दिए।
सेक्टर-63 में नाले में भारी कूड़ा जमा होने से जाम की स्थिति पर सफाईकर्मी धर्मवीर, सुपरवाइजर आकाश की सेवा समाप्त करने, प्रबंधक को चेतावनी जारी करने तथा संविदाकार को ब्लैकलिस्ट करने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में खामी: एजेंसी एम/एस ए.जी. एन्वायरो इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्रा. लि. पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए।
अवैध अतिक्रमण पर सख्ती: ग्राम बरौला में हनुमान मूर्ति के सामने 75 मीटर चौड़े मार्ग पर तथा ग्रीन बेल्ट में झुग्गी-झोपड़ी बनाकर अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल हटाने की नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
नाले, ड्रेन और सड़कों की मरम्मत: विभिन्न सेक्टरों में क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत, सेक्टर-11 में एच-ब्लॉक मार्केट के समीप ड्रेन पर प्रीकास्ट स्लैब लगाकर पाथवे कनेक्ट करने, सेक्टर-62 में नाले पर फुटपाथ निर्माण, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सर्विस रोड की पैच रिपेयर तथा कई अन्य स्थानों पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
अन्य प्रमुख निर्देश: बड़े नालों को कवर कर वेंडिंग जोन विकसित करने की संभावना जांचने।
सेक्टर-62 में निराश्रित गायों को अभियान चलाकर गौशाला में शिफ्ट करने।
सभी बारातघरों का सर्वे कर नवीनीकरण कराने।
सभी बस स्टॉप की मरम्मत, सफाई और अनुरक्षण सुनिश्चित करने।
लेफ्ट टर्न सुगम बनाने, नालों के कवर ठीक करने तथा प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक सभी स्थानों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था अनिवार्य करने।
सीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तुरंत दूर करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि नोएडा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए सभी स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।यह निरीक्षण नोएडा प्राधिकरण द्वारा शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
![]()
