नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा मीडिया क्लब ने सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। क्लब ने मार्च माह में होली-ईद मिलन समारोह का आयोजन प्रस्तावित किया है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम, आपसी भाईचारा और सद्भावना को मजबूत करना है।
इस आयोजन की तैयारी के क्रम में नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान क्लब के सदस्यों ने कार्यक्रम के उद्देश्य, स्वरूप और सामाजिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अनुरोध किया कि दोनों अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ेगी तथा समाज में सौहार्द का संदेश और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल ने आशा जताई कि उनकी भागीदारी से पत्रकार समुदाय में भी उत्साह का संचार होगा और सामाजिक एकता का मजबूत पैगाम जाएगा।
इस प्रतिनिधिमंडल में महासचिव जयप्रकाश सिंह, सचिव जगदीश शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार सुरेश चौधरी, दिनेश शर्मा, मोहम्मद आजाद, अरुण सिन्हा, विजय गौड़, राजेश शर्मा, रंजीत पांडे, अकरम चौधरी, हरवीर चौहान, योगेश राणा, संदीप, रोहित, प्रमोद दीक्षित, प्रिया राणा, सुमन चौधरी सहित क्लब के कई अन्य सदस्य शामिल रहे।
![]()
