फरीदाबाद,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर वाईएसएस फाउंडेशन ने “Safety on Road, Vision for Life” थीम के अंतर्गत स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों के लिए निःशुल्क नेत्र जाँच एवं इलाज शिविर का आयोजन किया। इस जनहितकारी कार्यक्रम में एसजे रबर इंडस्ट्री लिमिटेड (इंपीरियल ऑटो की यूनिट) के सीएसआर सहयोग से 100 से अधिक बस चालकों और कंडक्टरों को लाभ पहुँचा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सड़क दुर्घटनाओं को कम करना, वाहन चालकों की दृष्टि क्षमता को मजबूत करना तथा जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। आईकेयर हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने शिविर में प्रतिभागियों की विस्तृत नेत्र जाँच की तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरतमंद चालकों को निःशुल्क दवाइयाँ और चश्मे भी वितरित किए गए।
सचिन गुप्ता, प्रेसिडेंट, वाईएसएस फाउंडेशन ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है। ‘Vision for Life’ का अर्थ केवल आँखों की जाँच तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुरक्षित सोच, जिम्मेदार व्यवहार और जागरूक समाज के निर्माण का प्रतीक है।”
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि स्पष्ट दृष्टि, सतर्कता और यातायात नियमों का पालन — ये सड़क सुरक्षा के तीन प्रमुख स्तंभ हैं। इनके सही अनुपालन से दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है।इस अवसर पर प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। उन्हें हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन, नशामुक्त ड्राइविंग तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने जैसे महत्वपूर्ण नियमों के प्रति जागरूक किया गया। बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए मास्क का वितरण भी किया गया।
एसजे रबर इंडस्ट्री लिमिटेड (इंपीरियल ऑटो की यूनिट) के सीएसआर योगदान को इस अभियान की सफलता का प्रमुख आधार बताया गया। कंपनी के इस सामाजिक प्रयास की आयोजकों तथा प्रतिभागियों द्वारा सराहना की गई।कार्यक्रम का समापन “सुरक्षा ही जीवन है” के सामूहिक संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।यह पहल न केवल बस चालकों की दृष्टि स्वास्थ्य सुधारने में सहायक सिद्ध हुई, बल्कि सड़क पर बच्चों एवं अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक कदम मानी जा रही है।एसजे रबर इंडस्ट्री लिमिटेड की यह सीएसआर पहल समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का एक उज्ज्वल उदाहरण प्रस्तुत करती है।
![]()
