नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया भव्य लोकार्पण, कार्गो टर्मिनल उद्घाटन और MRO सुविधा का शिलान्यास

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने एयरपोर्ट के अत्याधुनिक कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन भी किया और 40 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली मेंटेनेंस, रिपेयर एवं ओवरहॉल (MRO) सुविधा का शिलान्यास किया।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के सबसे बड़े और आधुनिक एयरपोर्ट्स में शामिल किया जा रहा है, जो भविष्य में भारत की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट केवल एक बुनियादी परियोजना नहीं, बल्कि विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश अभियान का नया अध्याय है। यह उत्तर भारत के लिए लॉजिस्टिक गेटवे बनकर निवेश, व्यापार और निर्यात को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विकास का नया द्वार खुलने की बात कही।

मोदी ने स्थानीय किसानों का विशेष आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी जमीन के योगदान से ही यह परियोजना साकार हो पाई है। अब कृषि उत्पाद वैश्विक बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण है, जहां सड़क, रेल और हवाई परिवहन का निर्बाध एकीकरण होगा।

कार्गो हब प्रारंभिक चरण में 2.5 लाख मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता के साथ शुरू होगा, जिसे भविष्य में 18 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाने की योजना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले 85 प्रतिशत विमान MRO सेवाओं के लिए विदेश भेजे जाते थे। जेवर में बन रही MRO सुविधा देश को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार सृजित करेगी।मोदी ने उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट नेटवर्क के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि अब यह देश का पहला राज्य बन गया है, जहां पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। उन्होंने डबल इंजन सरकार की कार्यसंस्कृति का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2003 में मंजूरी मिलने के बावजूद परियोजना फाइलों में अटकी रही, लेकिन केंद्र और राज्य में समन्वय बनने के बाद ही यह गति पकड़ सकी।

उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अनोखी पहल की। उन्होंने उपस्थित जनता से मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने का आह्वान किया। पूरा परिसर भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की उड़ान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का लॉन्च पैड बनेगा। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यह एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, आरआरटीएस और दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल जैसी परियोजनाओं से जुड़कर प्रदेश को गति प्रदान करेगा। इससे लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि यह केवल एक एयरपोर्ट का उद्घाटन नहीं, बल्कि नए भारत के सपनों, संकल्पों और संभावनाओं का उत्सव है। यह भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के योगदान की सराहना की।उद्घाटन के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राजकीय वायुयान ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी पहली उड़ान भरी। इसमें राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ का सफर किया।इस मौके पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, जनपद प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद महेश शर्मा, सांसद सुरेंद्र नागर, विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह, विधायक नोएडा पंकज सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।यह उद्घाटन विकसित उत्तर प्रदेश की नई उड़ान और भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का प्रतीक माना जा रहा है। एयरपोर्ट से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *