नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने किसानों को फिर ठगने का प्रयास किया, मीटिंग में बुलाकर कराया घंटों इंतजार, भड़के किसान

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों पर किसानों को बार-बार गुमराह करने और उनके मुद्दों को टालने का आरोप लगाया गया है। भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने मंगलवार को मीडिया को इसकी जानकारी दी।

अशोक चौहान ने बताया कि वर्ष 2025 से ही भारतीय किसान यूनियन मंच नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ किसानों की विभिन्न समस्याओं (जिसमें भूमि मुआवजा, आवंटन आदि शामिल हैं) को लेकर आंदोलन कर रहा था। आंदोलन स्थगित करने के लिए नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने किसानों के साथ बैठक की और एक कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया था। कमेटी को किसानों के प्रत्यावेदन पर सुनवाई कर समस्याओं का समाधान करने का जिम्मा सौंपा गया था।लेकिन कमेटी में शामिल नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने किसानों के प्रत्यावेदनों की कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद 10 दिसंबर 2025 को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने फिर एक नई कमेटी गठित की, जिसने भी किसानों की कोई सुनवाई नहीं की।

किसानों ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश से मुलाकात कर शिकायत की, जिसके बाद उन्होंने तत्काल सुनवाई के आदेश दिए। 10 अप्रैल 2026 को नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्यकारी अधिकारी ने किसानों को पत्र जारी कर सूचित किया कि 21 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में गठित कमेटी किसानों के प्रत्यावेदनों पर सुनवाई करेगी।इसके बावजूद आज किसान बोर्ड रूम .पहुंचे। भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान, संरक्षक व पूर्व नोएडा महानगर अध्यक्ष डी.पी. चौहान तथा राजकुमार समेत अन्य किसान शाम 5 बजे तक बोर्ड रूम में बैठकर अधिकारियों का इंतजार करते रहे। बाद में पता चला कि नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी वहां मौजूद ही नहीं हैं।

यह जानकर किसान भारी आक्रोशित हो गए। नोएडा प्राधिकरण की पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों से बात की। किसानों ने अपनी समस्याएं बताईं, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने विशेष कार्यकारी अधिकारी से फोन पर बात की और किसानों को बताया कि आज कमेटी की मीटिंग नहीं हो सकेगी।किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

अशोक चौहान ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण के निचले अधिकारी मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के आदेशों को नहीं मान रहे हैं और किसानों को बार-बार गुमराह कर रहे हैं। इससे किसान आंदोलन करने को मजबूर हो रहे हैं।किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।यह घटना नोएडा प्राधिकरण और स्थानीय किसानों के बीच बढ़ते तनाव को उजागर करती है, जहां किसान लंबे समय से भूमि संबंधी मांगों (जैसे 5% विकसित प्लॉट आदि) को लेकर संघर्षरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *