यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण का सिल्वर जुबली कार्यक्रम सीमित दायरे में, श्रमिक आंदोलन के कारण लिया फैसला

ग्रेटर नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ आर.के. सिंह ने मीडिया को सिल्वर जुबली (25 वर्ष पूरे होने) पर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि प्राधिकरण का स्थापना दिवस 24 अप्रैल को है, लेकिन इस बार का मुख्य सिल्वर जुबली कार्यक्रम शुक्रवार को सीमित दायरे में ही मनाया जाएगा।
आर.के. सिंह ने कहा कि मूल रूप से तीन दिवसीय भव्य उत्सव की योजना बनाई गई थी, जिसमें फिल्म सिटी में बड़े स्तर पर आयोजन होना था। लेकिन हाल ही में नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में श्रमिकों के आंदोलन और औद्योगिक अशांति को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के कारण कार्यक्रम को सीमित रखने का फैसला लिया गया है।
सीईओ ने जोर देकर कहा कि YEIDA अब सिर्फ एक्सप्रेसवे अथॉरिटी नहीं रहा, बल्कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास का प्रमुख इंजन बन चुका है। उन्होंने याद दिलाया कि 24 अप्रैल 2001 को स्थापित प्राधिकरण ने 25 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है।मुख्य घोषणाएं और योजनाएं:

  • मई के महीने में 10 बड़ी औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास किया जाएगा।
  • जून में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ दिया जाएगा, जिससे पूरे एनसीआर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच आसान हो जाएगी।
  • 25,000 करोड़ रुपये के निवेश के रास्ते खुल रहे हैं, जिसमें मेडिकल डिवाइस पार्क (111 यूनिट्स), सेमीकंडक्टर यूनिट (HCL और फॉक्सकॉन के साथ), फूड प्रोसेसिंग यूनिट और सेल, एस्कॉर्ट, फोर्ड, पतंजलि जैसी कंपनियों की इकाइयां शामिल हैं।
  • इंटरनेशनल फिल्म सिटी का शिलान्यास जल्द होगा, जिससे अभिनय, निर्देशन और फिल्म से जुड़े क्षेत्रों में हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

आर.के. सिंह ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अगले 50 वर्षों की बिजली व्यवस्था तैयार कर ली गई है। 765 केवी, 400 केवी और 220 केवी के कई विद्युत उपकेंद्र बनाए जा रहे हैं। जल संरक्षण के लिए बड़े भूखंडों पर वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य किया जाएगा। साथ ही 500 एकड़ में जापानी सिटी और 500 एकड़ में सिंगापुर सिटी विकसित की जा रही है।सीईओ ने कहा कि पूरे सिल्वर जुबली वर्ष (2026) में विभिन्न कार्यक्रम और विकास परियोजनाएं चलती रहेंगी, लेकिन वर्तमान में श्रमिक आंदोलन के कारण शुक्रवार का कार्यक्रम सादगीपूर्ण और सीमित रूप में मनाया जाएगा।

यह फैसला क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की दृष्टि से लिया गया है। YEIDA अब औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रमुख केंद्र बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *