नोएडा,( नोएडा खबर डॉट कॉम)
नॉलेज पार्क पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने हरियाणा से लाई जा रही 237 पेटी शराब के साथ एक अभियुक्त को दबोच लिया।
थाना नॉलेज पार्क पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को एक बड़ी शराब तस्करी की घटना का पर्दाफाश किया। टीम ने राजस्थान के बाड़मेर जिले के निवासी लाखाराम पुत्र जोधाराम (27 वर्ष) को 237 पेटी अवैध हरियाणा मार्का शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त हरियाणा से सस्ती दर पर शराब खरीदकर उत्तर प्रदेश में महंगे दामों पर बेचने के इरादे से इसे ट्रक में भरकर ले जा रहा था। पकड़े जाने पर बरामद ट्रक की नंबर प्लेट HR 38 W 6194 है, जिसकी अनुमानित कीमत भी करीब 35 लाख रुपये है।
अभियुक्त ने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया
पुलिस, आरटीओ और आबकारी विभाग की जांच से बचने के लिए फर्जी बिल्टी (ट्रांसपोर्ट दस्तावेज) और स्पेयर पार्ट्स के बिल तैयार करके परिवहन कर रहा था। पुलिस ने इस पूरे मामले में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा संख्या 81/2026 दर्ज कर लिया है।इसमें उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63, 72 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच में इस शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क और अन्य संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
