नई दिल्ली/देहरादून:
नई दिल्ली के कालेखां से मेरठ के मोदीपुरम तक चल रही हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन का अब ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक विस्तार होने जा रहा है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर प्रयासों से उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के बीच इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर सहमति बन गई है। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए जल्द सर्वे कार्य शुरू होने जा रहा है।
इस वर्ष फरवरी में दिल्ली से मेरठ मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री धामी लगातार इस ट्रेन को मोदीपुरम से आगे ऋषिकेश तक विस्तारित करने की मांग कर रहे थे। इसी क्रम में उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर प्रस्ताव सौंपा था, जिसके बाद तीनों पक्षों के बीच सहमति बन गई।परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखण्ड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया है, जबकि NCRTC और उत्तर प्रदेश सरकार भी अपना नोडल अधिकारी नियुक्त कर चुकी हैं। कुल 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित ट्रैक में 72 किमी उत्तर प्रदेश और 78 किमी उत्तराखण्ड में आएगा।
प्रस्तावित रूट
नया ट्रैक मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार (हर की पैड़ी) होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक जाएगा।
यात्रा समय में बड़ी कमी
वर्तमान में सड़क मार्ग से दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में 5 से 6 घंटे लगते हैं। 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली नमो भारत ट्रेन के शुरू होने के बाद यह सफर मात्र 2.5 से 3 घंटे में पूरा हो जाएगा। इससे दिल्ली जाने वाले उत्तराखण्डवासियों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को आधुनिक, तेज और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखण्ड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित एवं आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
राज्य सरकार केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और NCRTC के साथ समन्वय बनाकर इस परियोजना को शीघ्र पूरा करने के लिए प्रयासरत है।”
