ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में सेंट्रल नोएडा जोन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह और जोन के सभी एसीपी व थाना प्रभारियों के साथ आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर बैठक की।बैठक में डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने इलाकों में शांति और सौहार्द बनाए रखें। संवेदनशील जगहों पर खास नजर रखें, नियमित पैदल गश्त और फ्लैग मार्च करें।
स्थानीय लोगों और शांति समिति के सदस्यों से तालमेल बनाए रखें।उन्होंने रोज संदिग्ध लोगों और वाहनों की सख्त चेकिंग करने, होटल-गेस्ट हाउस और भीड़ वाले स्थानों की नियमित जांच करने को कहा। सोशल मीडिया पर नजर रखते हुए अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
रात की गश्त को और प्रभावी बनाने और अपराधियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चलाने के लिए भी सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए।पुलिस का मकसद आगामी त्योहारों के दौरान इलाके में पूरी शांति बनाए रखना और किसी भी गलत घटना को रोकना है।
