खास खबर:यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की समीक्षा, 25 से 29 सितंबर तक होगा आयोजन

गौतमबुद्धनगर,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
आगामी 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सांस्कृतिक, प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग, आवास व्यवस्था, यातायात और परिवहन समितियों की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि यह शो प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, हस्तशिल्प और लघु-मध्यम उद्यम की क्षमताओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में अतिथि, निवेशक और उद्यमी आने वाले हैं, इसलिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, पार्किंग व वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाने, बाहर से आने वाले अतिथियों के आवास समय से सुनिश्चित करने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पूरी करने और प्रचार-ब्रांडिंग की व्यवस्थाएं समय पर करने के निर्देश दिए।विद्युत विभाग व एनपीसीएल को निर्बाध बिजली आपूर्ति, अग्निशमन विभाग को सुरक्षा व्यवस्था, मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सा सुविधाएं, खाद्य सुरक्षा विभाग को गुणवत्ता जांच और दूरसंचार कंपनियों को नेटवर्क उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों से समयबद्ध कार्य पूरा करने और स्थलीय निरीक्षण करने की अपील की। बैठक में यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह, डीसीपी आरके गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *