स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026: नोएडा ने देश में 8वां स्थान हासिल किया, यूपी के 16 शहरों ने रचा इतिहास

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में नोएडा ने 3 लाख से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में संयुक्त आठवां स्थान हासिल किया है। शहर को 200 में से 187.5 अंक मिले हैं। पिछले वर्ष नोएडा इसी श्रेणी में नौवें स्थान पर था। इस बार एक पायदान का सुधार दर्ज किया गया है।

यह सर्वेक्षण राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत किया गया। इसमें सड़क की धूल नियंत्रण, कचरा प्रबंधन, वाहन उत्सर्जन में कमी, हरित क्षेत्र विस्तार और जनभागीदारी जैसे मानकों पर मूल्यांकन होता है। नोएडा प्राधिकरण के अनुसार यह नतीजा प्राधिकरण और शहरवासियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

यूपी का दबदबा,

लखनऊ देश में नंबर-1उत्तर प्रदेश ने इस वर्ष ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। प्रदेश के कुल 16 शहरों ने राष्ट्रीय रैंकिंग में जगह बनाई। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने 198 अंक लेकर देश में पहला स्थान प्राप्त किया और इंदौर (197 अंक) को पीछे छोड़ दिया। आगरा चौथे (192 अंक), गाजियाबाद नौवें (184 अंक), कानपुर 11वें (183.2 अंक), प्रयागराज 13वें (180 अंक) और मेरठ 22वें (170.5 अंक) स्थान पर रहे। वाराणसी 34वें स्थान (150 अंक) पर है।

मध्यम श्रेणी में फिरोजाबाद दूसरे, नोएडा-मुरादाबाद आठवें
तीन से 10 लाख आबादी वाले शहरों में फिरोजाबाद ने 195 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। झांसी पांचवें (192.5 अंक) पर रहा। मुरादाबाद और नोएडा दोनों को 187.5 अंक मिलकर संयुक्त आठवां स्थान मिला। गोरखपुर 22वें (170 अंक) और बरेली 26वें (165 अंक) स्थान पर हैं।तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों में रायबरेली 17वें (180.5 अंक), अनपरा 29वें, खुर्जा 30वें और गजरौला 31वें स्थान पर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *