लखनऊ, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने लालबाग स्थित राजधानी गेस्ट हाउस में स्वयंसेवक मीट-अप आयोजित कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की। पार्टी ने 2 अक्टूबर को मुंबई में बड़े जन प्रदर्शन की घोषणा की। इसमें जवाबदेही, चुनावी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की जाएगी।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग, चुनावी प्रक्रिया और सरकारी स्कूलों की स्थिति पर चर्चा हुई। इसमें राष्ट्रीय विधिक मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह, नॉर्थ जोन कोऑर्डिनेटर मुहम्मद फरहान खान, उज्ज्वल पांडेय, आजाद मोहित और अन्य स्वयंसेवक शामिल रहे।
रत्ना सिंह ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े जनहित के मुद्दे उठाए और स्वयंसेवकों से जागरूकता बढ़ाने को कहा। उत्तर प्रदेश कोऑर्डिनेटर आजाद मोहित ने निर्वाचन आयोग से जुड़े व्यवस्थागत मुद्दों को उठाने में संगठन की भूमिका पर जोर दिया।मीट-अप में प्रदेश में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की कार्ययोजना भी शुरू की गई। इसका फोकस सरकारी स्कूलों की खराब हालत और शिक्षा व्यवस्था में सुधार है।
रत्ना सिंह ने स्वयंसेवकों को स्थानीय स्कूल समितियों, ग्राम पंचायतों और ग्रामीण समुदायों से संवाद कर बुनियादी ढांचे की कमियां दर्ज करने के निर्देश दिए।मुहम्मद फरहान खान ने धर्मनिरपेक्ष भारत और बेहतर शिक्षा के लक्ष्य का जिक्र किया। उज्ज्वल पांडेय ने कहा कि जमीनी आंदोलन में शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक स्वतंत्रताओं में जवाबदेही पर विशेष ध्यान होना चाहिए। सीजेपी ने कहा कि वह शिक्षा, स्वास्थ्य, जनहित, चुनावी जागरूकता और लोकतांत्रिक अधिकारों पर काम जारी रखेगी।
