ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
ग्रेटर नोएडा के ओमेगा-1 स्थित प्रकाश अस्पताल में रविवार को शिवोहम आयुर्वेदिक केंद्र का शुभारंभ किया गया। समारोह में डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल मुख्य अतिथि रहीं। आयुष मंत्रालय के सलाहकार वैद्य अच्युत कुमार त्रिपाठी, अस्पताल के सीएमडी डॉ. वी.एस. चौहान, डॉ. संगीता चौहान और जिला आयुष अधिकारी वंदना रानी भी मौजूद रहे। इस केंद्र में आयुर्वेद के माध्यम से गंभीर बीमारियों का इलाज किया जाएगा। साथ ही लोगों को आयुर्वेद के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर डॉ. वी.एस. चौहान ने कहा कि यह केंद्र नोएडा-ग्रेटर नोएडावासियों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करेगा और समय रहते बीमारी की पहचान कर उपचार संभव बनाएगा। अस्पताल के एमडी डॉ. मयंक चौहान ने बताया कि आने वाले दिनों में आधुनिक तकनीक से आयुर्वेदिक उपचार को बेहतर किया जाएगा।
वैद्य अच्युत कुमार त्रिपाठी ने कहा कि देश में आयुर्वेद पर कई शोध चल रहे हैं, जिनके परिणाम जल्द सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने भी आयुर्वेद को अपनाया है और यह भारत की प्राचीन तथा भरोसेमंद चिकित्सा पद्धति है।
डीसीपी शैव्या गोयल ने कहा कि दादी-नानी के पारंपरिक नुस्खे कारगर होते थे, लेकिन समय के साथ उनकी उपयोगिता कम हो गई। अब इस केंद्र के जरिए उन्हें वैज्ञानिक ढंग से स्वस्थ जीवनशैली के रूप में अपनाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन अशोक श्रीवास्तव ने किया।

