यूपी की राजनीति: जेवर सीट पर बसपा की नजर: आकाश आनंद पहली बार 25 अगस्त को गौतमबुद्ध नगर जिले में करेंगे जनसभा

-सतवीर नागर को प्रत्याशी घोषित कर सकते हैं

गौतमबुद्ध नगर, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद पहली बार गौतमबुद्ध नगर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। 25 अगस्त को दनकौर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में कार्यकर्ता सम्मेलन के रूप में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर बसपा 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा करेगी और दनकौर में पार्टी की चुनावी बिसात बिछाई जाएगी।

सूत्रों के अनुसार जेवर विधानसभा सीट से सतवीर नागर को बसपा प्रत्याशी बनाया जा सकता है। जेवर सीट फिलहाल भाजपा के पास है, यहां से धीरेन्द्र सिंह विधायक हैं, जिस पर बसपा अब अपनी नजरें जमा चुकी है। हालांकि जेवर एयरपोर्ट व आसपास का विकास यूपी चुनाव में बीजेपी के चुनाव प्रचार का प्रमुख मुद्दा होगा।

गौतमबुद्ध नगर जिला बसपा सुप्रीमो मायावती का पैतृक जिला होने के कारण पार्टी इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है।हाल ही में हाथरस के सादाबाद में आकाश आनंद की पहली जनसभा हुई थी। अब गौतमबुद्ध नगर में उनकी उपस्थिति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ गया है। दनकौर की इस जनसभा में जिले भर के बसपा नेता और कार्यकर्ता शामिल होने वाले हैं।पार्टी सूत्रों का कहना है कि आकाश आनंद इस जनसभा में मायावती के संदेश के साथ कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की तैयारियों के निर्देश देंगे। जेवर सीट पर बसपा की संभावित उम्मीदवारी और दनकौर में चुनावी रणनीति तय होने से क्षेत्रीय राजनीति में हलचल मचने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *