गौतमबुद्ध नगर जिले में मानसून से पहले नालों की सफाई पूरी, सिंचाई विभाग का दावा

-मुख्य विकास अधिकारी ने ली नाला सफाई की प्रगति की समीक्षा

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जनपद गौतमबुद्ध नगर में नालों और नालियों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को लेकर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गौतमबुद्धनगर में कुल 50 नाले हैं, जिनकी कुल लंबाई 320.82 किलोमीटर है। वित्तीय वर्ष में जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद 13 नालों की 146.46 किलोमीटर लंबाई की सफाई का कार्य स्वीकृत किया गया था, जिसे 30 जून तक 100% पूर्ण कर लिया गया है।

बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे

गंगा समिति के सदस्यों ने सभी नालों की प्रतिवर्ष सफाई कराए जाने की मांग की। हवेलियां ड्रेन की सफाई का मामला भी उठा, जिस पर सिंचाई विभाग के उपखंड अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि कार्य का प्रस्ताव ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को भेज दिया गया है। धनराशि मिलते ही कार्य शुरू कर शीघ्र पूरा किया जाएगा।सभी नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नाला सफाई की प्रगति से अवगत कराया।

मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश

भाल चंद्र त्रिपाठी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए सभी नालों-नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए और विभाग आपसी समन्वय से त्वरित कार्यवाही करें।उन्होंने नाला सफाई कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, प्रभारी जिला विकास अधिकारी नेहा सिंह, विभिन्न सिंचाई खंडों के उपखंड अधिकारी और सभी नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *