खास खबर: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम महर्षि दयानंद सरस्वती के नाम पर रखे जाने की मांग, एसडीएम जेवर को सौंपा ज्ञापन

जेवर, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का नाम महान समाज सुधारक और आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती के नाम पर “महर्षि दयानंद सरस्वती इंटरनेशनल एयरपोर्ट” रखे जाने की मांग को लेकर आज महर्षि दयानंद सिद्धांत प्रचार समिति, जेवर के नेतृत्व में क्षेत्र के वरिष्ठ आर्यसमाजियों एवं विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों ने उपजिलाधिकारी, जेवर को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य संजय पराशर ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती केवल एक महापुरुष नहीं, बल्कि तर्क, वेद, शिक्षा, नारी सम्मान, सामाजिक सुधार और राष्ट्र जागरण की विचारधारा के प्रतीक हैं। उन्होंने बाल विवाह, छुआछूत और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाई तथा देश को “वेदों की ओर लौटो” का मंत्र दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि जेवर का यह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट विश्व मानचित्र पर अपनी पहचान बना चुका है। यदि इसका नामकरण महर्षि दयानंद सरस्वती के नाम पर किया जाता है, तो यह उनकी विचारधारा को सच्चा सम्मान होगा और आने वाली पीढ़ियों तक उनके वैदिक एवं राष्ट्रीय संदेश को पहुंचाने का सार्थक माध्यम बनेगा।इस अवसर पर जेवर, थोरा, झोप्पा, गढ़ी, छातंगा, कानीगढ़ी, चौरौली, मौर, बूढ़ाका और वैना सहित आसपास के गांवों के वरिष्ठ आर्यसमाजी, सिद्धांत प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समिति ने शासन-प्रशासन से अनुरोध किया है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *