नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार एनएचएआई हाईवे यानी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का जैतपुर से सराय काले खां और आश्रम की ओर जाने वाला हिस्सा मदनपुर खादर के पास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यह बंद अगली सूचना तक लागू रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा आश्रम और सराय काले खां की ओर जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित स्ट्रेच से बचें और कालिंदी कुंज तथा मथुरा रोड होते हुए सर्विस रोड का इस्तेमाल करें। पुलिस ने यात्रियों से यात्रा की पहले से योजना बनाने, साइनबोर्ड और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करने तथा मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि वाहन चालक धैर्य रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों पर जाम से बचने के लिए डायवर्जन साइन का ध्यान रखें। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रियल टाइम अपडेट के लिए अपनी वेबसाइट, सोशल मीडिया हैंडल, व्हाट्सएप नंबर 8750871493 और हेल्पलाइन 1095 / 011-25844444 का इस्तेमाल करने को कहा है।
यह बंद उस समय किया गया है जब इस स्ट्रेच को हाल ही में ट्रायल के लिए खोला गया था। सुरक्षा संबंधी चिंताओं और आश्रम तथा महारानी बाग इलाके में बढ़ते जाम के कारण ट्रैफिक पुलिस की सिफारिश पर इसे फिर से बंद किया गया है। यात्रियों को अतिरिक्त समय निकालकर निकलने की सलाह दी जा रही है।
यात्री अपनी यात्रा की योजना बनाते समय आधिकारिक एडवाइजरी का ध्यान रखें।
