नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की समीक्षा सोमवार को अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ट्रेड शो को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यातायात, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, शटल सेवा, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और प्राथमिक उपचार जैसी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन और स्पष्ट साइनेज लगाने के साथ पर्याप्त पार्किंग और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
आलोक कुमार ने कहा कि यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और उद्यमिता क्षमता को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाने का बड़ा मंच है। इसमें उद्यमियों, निवेशकों और खरीदारों की सुविधा व सुरक्षा सर्वोपरि रखी जाए। प्रदर्शकों को बेहतर सुविधाएं देने और नए व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। डिजिटल, सोशल, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से व्यापक प्रचार करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आश्वासन दिया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। बैठक में प्रमुख सचिव एमएसएमई शशि भूषण लाल सुशील, आयुक्त उद्योग के. विजयेंद्र पांडियन, मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, ग्रेटर नोएडा सीईओ रवि कुमार एनजी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
