नोएडा/ कासगंज, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
साहित्य वेलफेयर कल्चरल एंड स्पोर्ट्स फेडरेशन तथा शब्दावली दर्पण न्यूज़ के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक स्वर्गीय पंडित होराम शर्मा की स्मृति में हिंदी पखवाड़ा के अवसर पर मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।पूर्व मंत्री एवं सांसद डी.पी. यादव मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक डॉ. एल.आर. मौर्य ‘पल्लव’ ने की। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. इलियास नवैद गुन्नौरी और अखिल भारतीय प्रधान संगठन के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष संतोष यादव रहे।
मुख्य अतिथि डी.पी. यादव ने कहा, “हिन्दी की नि:स्वार्थ सेवा कोई पंडित साहित्य चंचल ‘साधक’ से सीखे।” उन्होंने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान की सराहना की।भारत सरकार से सम्मानित जनवादी कवि-लेखक एवं पूर्व राजपत्रित अधिकारी पंडित साहित्य चंचल ‘साधक’ के मार्गदर्शन में कासगंज तथा एटा जनपद के लगभग डेढ़ दर्जन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। ये वे विद्यार्थी हैं, जिन्होंने बोर्ड परीक्षा में हिंदी विषय में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। उन्हें प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह, मेडल, अंगवस्त्र और डायरी भेंट की गई। आयोजन कस्बा नगरिया में ‘हिंदी पढ़ाओ-संस्कृति बचाओ’ अभियान के अंतर्गत हुआ।
संयोजक किरन सिंह ‘किरण’ ने बताया कि फेडरेशन पिछले 26 वर्षों से हिंदी के प्रचार-प्रसार और साहित्य संवर्धन के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। देश के विभिन्न राज्यों के रचनाकारों को राष्ट्रीय शब्दावली कवि सम्मेलन में आमंत्रित किया जाता है। इस बार भी डेढ़ दर्जन कवि-कवित्रियों ने काव्य पाठ किया।

संचालन अलीगढ़ की वरिष्ठ कवित्री डॉ. मनीषा ‘मनी’ ने किया। फेडरेशन के नेशनल चेयरपर्सन पंडित साहित्य चंचल ‘साधक’ ने कहा कि संस्था भविष्य में भी हिंदी भाषा और साहित्य के संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। समापन पर सचिव प्रिया मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में करीब तीन सौ लोगों ने भाग लिया।