नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
दिव्य प्रेम सेवा मिशन छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और हिंदवी स्वराज्य की संकल्पना पर आधारित ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ का आयोजन कर रहा है। इससे पहले शुक्रवार को नोएडा में प्रबुद्ध सम्मेलन होगा।
गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में आयोजकों ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।प्रबुद्ध सम्मेलन 25 सितंबर को शाम 6 बजे आदित्य बैंक्वेट, सेक्टर-38, बॉटनिकल गार्डन में होगा। विषय रखा गया है—‘हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज’। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल होंगे। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता फोनरवा नोएडा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा करेंगे। महानाट्य का भव्य मंचन अक्टूबर में गाजियाबाद में प्रस्तावित है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि ‘जाणता राजा’ के देश-विदेश में अब तक 1300 से अधिक मंचन हो चुके हैं और करीब 70 लाख दर्शक इसे देख चुके हैं। मंचन में करीब दो लाख वर्गफीट का चार मंजिला मंच, 250 कलाकार, 20 फीट ऊंची मां तुलजा भवानी की प्रतिमा तथा हाथी, घोड़े, ऊंट, बैलगाड़ी और पालकी का प्रयोग होता है।दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने कहा कि आयोजन के दो उद्देश्य हैं—युवा पीढ़ी को शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ना और समाज को संस्था के सेवा प्रकल्पों से जोड़ना। इससे पहले लखनऊ और आगरा में भी मंचन हो चुका है। इस बार दिल्ली-एनसीआर और आसपास के जिलों में संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
समिति प्रभारी राघवेन्द्र सिंह और संयोजक विनय चौधरी ने बताया कि छात्रों, व्यवसायियों, चिकित्सकों और शिक्षाविदों को कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास है। आयोजकों का कहना है कि महानाट्य के माध्यम से इतिहास, संस्कृति और सेवा को एक मंच पर लाकर शिवाजी महाराज के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर सत्यनारायण गोयल व प्रदीप मेहता आदि भी मौजूद थे।
