नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
आयुर्वेद और आयुष क्षेत्र को समर्पित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आयुष महोत्सव–आयुर महोत्सव 2026 का शुभारंभ शुक्रवार 25 सितंबर से इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो सेंटर, सेक्टर-62 में होगा।
गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में आयोजकों ने प्रेसवार्ता कर तैयारियों की जानकारी दी।महोत्सव 25 से 27 सितंबर तक चलेगा। देशभर से पांच हजार से अधिक आयुर्वेद चिकित्सकों सहित करीब 25 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। उद्देश्य आयुर्वेद के ज्ञान, शोध, नवाचार और आधुनिक संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच देना है।
इसका शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। विशेष अतिथि हमीरपुर लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर होंगे।कार्यक्रम में आयुर्वेद विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इनमें डाबर इंडिया के ग्लोबल सीईओ मोहित मल्होत्रा, श्री धूतपापेश्वर लिमिटेड के एमडी डॉ. रंजीत पुराणिक, आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय, डॉ. प्रदीप मुल्तानी, महर्षि आयुर्वेदा प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर डॉ. संजय शर्मा और डॉ. संजय श्रीवास्तव शामिल हैं।
तीन दिनों में आयुर्वेद, शोध, नवाचार, उत्पाद प्रदर्शन, उद्योग संवाद, बिजनेस नेटवर्किंग तथा स्वास्थ्य व वेलनेस से जुड़े सत्र होंगे। आयोजन आयुष एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से हो रहा है। आयोजकों ने आमजन से महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।
