गौतमबुद्धनगर: अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गैंग का पर्दाफाश, एक करोड़ कीमत का 165 किलो गांजा सहित ट्रक-कार बरामद, तीन गिरफ्तार

-दिल्ली में फुटकर-थोक बिक्री का जाल, भुवनेश्वर से गुप्त कैविटी वाले ट्रक में माल लाने वाला शातिर गैंग बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम के जाल में

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
कमिश्ररेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की थाना बादलपुर और एंटी नारकोटिक्स टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

कूडी खेड़ा मोड़ के पास, दादरी से लालकुआँ की ओर जाने वाली सड़क से गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से कुल 165 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा (अनुमानित बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ रुपये), तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, एक कार और अन्य सामान बरामद हुआ है।

गैंग कैसे करता था काम

पुलिस के अनुसार, यह गैंग शातिर तरीके से काम करता था। तीनों अभियुक्तों में से रवि कुमार साहनी गांजा को भुवनेश्वर से ट्रक में बनाई गई गुप्त कैविटी (गुप्त स्थान) में लोड करके लाता था। इसके बाद दिनेश पाल और समीर कुमार इसे दिल्ली क्षेत्र में फुटकर और थोक दोनों तरीकों से बेचकर मुनाफा कमाते थे। ट्रक में मौजूद गुप्त कैविटी को लीडर दिनेश पाल ने करीब दो माह पहले बनवाया था, ताकि पुलिस की चैकिंग के दौरान माल पकड़ा न जा सके। दिनेश और रवि दिल्ली में गाड़ी चलाने का काम करते थे, जबकि समीर कुमार सब्जी बेचने का धंधा दिखाते थे। असल में तीनों मिलकर व्यवस्थित ढंग से तस्करी और बिक्री का नेटवर्क चला रहे थे। दिनेश पाल को इस गैंग का मुख्य लीडर माना जा रहा है।

पुलिस ने कैसे पकड़ा

थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली कि यह गैंग गांजा तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने कूडी खेड़ा मोड़ के आसपास निगरानी शुरू की। 14 अक्टूबर को दादरी-लालकुआँ मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान ट्रक और कार को रोका गया। पूछताछ और तलाशी में ट्रक की गुप्त कैविटी से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। तीनों अभियुक्तों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि समय पर मिली सूचना और तेज कार्रवाई के चलते गैंग को पकड़ना संभव हो सका। गिरफ्तार अभियुक्तों में
दिनेश पुत्र जय नाथ पाल, उम्र करीब 42 वर्ष, 5वीं पास। निवासी संजय कॉलोनी, भाटी माइंस, थाना फतेहपुर बेरी, जनपद दक्षिण दिल्ली। मूल निवासी रतवार, थाना भभुआ, जिला तैमूर (बिहार)। पुलिस के मुताबिक ये गैंग का लीडर हैं। वर्ष 2021 में करीब ढाई कुंतल गांजे की बरामदगी के मामले में करीब 15 महीने जेल में रह चुके हैं।

समीर कुमार पुत्र केशो मंडल, उम्र करीब 47 वर्ष, 12वीं पास। निवासी शिश महल पार्क, शालीमार गांव, थाना शालीमार, जनपद उत्तर पश्चिम दिल्ली। मूल निवासी ग्राम टेगडा, थाना हवेली खडगपुर, जनपद मुंगेर (बिहार)। ये दिल्ली में सब्जी बेचने का काम दिखाते थे, लेकिन तस्करी नेटवर्क में सक्रिय थे।

रवि कुमार साहनी पुत्र मनोज साहनी, उम्र करीब 33 वर्ष, 8वीं पास। निवासी ग्राम केरया डीह, थाना कुढनी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार)। ये गांजा को भुवनेश्वर से ट्रक की गुप्त कैविटी में लाते थे।

बरामदगी और पंजीकृत मुकदमा

बरामद सामान में 165 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा, ट्रक पंजीकरण संख्या HR38W4677, कार पंजीकरण संख्या HR55AY4194, चार मोबाइल फोन, 1980 रुपये नकद और एक बैंक कार्ड शामिल हैं। थाना बादलपुर में मुकदमा संख्या 317/2026 धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और गैंग के अन्य संभावित सदस्यों व सप्लाई चेन की तलाश कर रही है।

कमिश्ररेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का यह कार्रवाई नशे के खिलाफ जारी अभियान का हिस्सा है। बड़ी मात्रा में गांजा की बरामदगी से क्षेत्र में तस्करी नेटवर्क को झटका लगा है। जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *