रबर उद्योग पर गहराता संकट: कच्चे माल की आसमान छूती कीमतों से छोटे-बड़े कारोबार पर संकट-मुकेश कक्कड़

नई दिल्ली/मुंबई ( नोएडा खबर डॉट कॉम)
देश का रबर उद्योग इन दिनों गंभीर मुश्किलों से जूझ रहा है। कच्चे रबर और जरूरी केमिकल्स की कीमतों में लगातार हो रही भारी बढ़ोतरी ने उद्यमियों की नींद उड़ा दी है। अगर यही हालात रहे, तो कई छोटी और बड़ी फैक्ट्रियों को उत्पादन बंद करना पड़ सकता है।

आल इंडिया रबर इंडस्ट्री एसोसिएशन (AIRIA) के सदस्यों और उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि कच्चे माल की कीमतें इतनी तेजी से बढ़ रही हैं कि उत्पादन लागत काबू में नहीं रह पा रही। छोटे और मध्यम उद्योगों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। कई उद्यमी पहले से ही घाटे में चल रहे हैं और अब स्थिति और बिगड़ती जा रही है। रबर उद्योग से जुड़े निपुण जैन ने हाल ही में इस मुद्दे पर गहरी चिंता जताई थी। उनके साथ कई अन्य उद्यमियों ने भी कहा है कि अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो उद्योग का अस्तित्व ही खतरे में पड़ सकता है।

इसी चिंता को आगे बढ़ाते हुए उद्योगपति मुकेश कक्कड़ ने AIRIA के अध्यक्ष और पदाधिकारियों से अपील की है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान में लिया जाए। उन्होंने कहा है कि एसोसिएशन को रबर उद्योग के प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत सरकार के संबंधित मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात करनी चाहिए और कच्चे माल व केमिकल्स की बढ़ती कीमतों से पैदा हो रहे आर्थिक दबाव से सरकार को अवगत कराना चाहिए।

कक्कड़ का कहना है कि उद्देश्य सिर्फ शिकायत करना नहीं, बल्कि सरकार के साथ मिलकर ऐसे व्यावहारिक समाधान निकालना है जिससे उद्योग सुचारू रूप से चल सके, छोटे-मध्यम उद्यमों का अस्तित्व बना रहे और इस क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों, कर्मचारियों व श्रमिकों की आजीविका सुरक्षित रहे।

उन्होंने पूरे रबर उद्योग से एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने की अपील की है। उनका मानना है कि समय रहते उचित कदम उठाए जाएं, वरना भविष्य में कई इकाइयों को उत्पादन बंद करने जैसी कठिन स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।“उद्योग सुरक्षित रहेगा, तभी उद्यमी सुरक्षित रहेंगे और रोजगार भी सुरक्षित रहेगा,” कक्कड़ ने कहा।फिलहाल AIRIA की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। उद्योग जगत को उम्मीद है कि एसोसिएशन जल्द इस मुद्दे को सरकार के सामने मजबूती से उठाएगा और उद्योग को राहत दिलाने में मदद करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *