नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेझा में नोएडा प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे सीवर सफाई कार्य के दौरान सफाईकर्मी शिवा की मौत हो गई।
घटना के बाद नोएडा प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए संविदा पर तैनात अवर अभियंता राकेश कुमार की सेवा तत्काल समाप्त कर दी है। प्राधिकरण के अनुसार, संबंधित प्रबंधक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि (एडवर्स एंट्री) दर्ज की गई है, जबकि वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सीवर सफाई के दौरान शिवा सीवर में उतरा और बाहर नहीं निकला। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू किया और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
नोएडा प्राधिकरण ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर अवर अभियंता राकेश कुमार की संविदा समाप्त कर दी गई है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि सफाई कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की थी। प्राधिकरण की कार्रवाई
संविदा पर तैनात अवर अभियंता राकेश कुमार की सेवा समाप्त।
संबंधित प्रबंधक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज।
वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी।
पुलिस ने पहले ही मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नोएडा प्राधिकरण ने मृतक शिवा के परिजनों को मुआवजा देने और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।
यह घटना सीवर सफाई जैसे खतरनाक कार्यों में सुरक्षा उपकरणों, प्रशिक्षण और जिम्मेदारी की कमी को लेकर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन प्राधिकरण से ऐसे कार्यों में सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आगे इस तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और पूरी घटना की जांच रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक की जाएगी।
