नोएडा में प्रेरणा विमर्श:2025 का आयोजन 13 व 14 दिसम्बर को, जुटेंगे देश भर के दिग्गज, “नवोत्थान के नए क्षितिज” पर मंथन

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
प्रेरणा शोध संस्थान के तत्वावधान में आगामी 13-14 दिसंबर को आयोजित होने वाले ‘प्रेरणा विमर्श 2025’ की तैयारियां जोरों पर हैं। इस क्रम में मंगलवार को सेक्टर-62 स्थित प्रेरणा भवन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। वार्ता की अध्यक्षता विमर्श के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (मेरठ प्रांत) के सह-प्रचार प्रमुख अनिल त्यागी ने की।

विमर्श की सचिव मोनिका चौहान ने बताया कि आयोजन की शुरुआत 12 दिसंबर को ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदना यज्ञ’ से होगी, जबकि मुख्य दो दिवसीय कार्यक्रम सेक्टर-62 स्थित एनआईओएस के क्षेत्रीय कार्यालय के कल्याण सिंह सभागार में होगा। संघ के शताब्दी वर्ष को ध्यान में रखते हुए इस बार विमर्श का केंद्रीय विषय ‘नवोत्थान के नए क्षितिज’ निर्धारित किया गया है।

संयोजक श्याम किशोर ने कहा कि भारत आज आकांक्षी, आत्मविश्वासी और विकसित भारत की ओर तेजी से अग्रसर है तथा इसी भावना को केंद्र में रखकर वैचारिक, सांस्कृतिक, रक्षा, आर्थिक, वैश्विक और सामाजिक क्षेत्रों में उभरते नए विचारों पर गहन मंथन होगा। इसके लिए छह अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे।विमर्श में प्रख्यात अभिनेता मनोज जोशी, अंतरराष्ट्रीय शिल्पकार नरेश कुमावत, संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य रुपेश कुमार, सह-प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी, राज्यसभा सांसद डॉ. मीनाक्षी जैन, संघ सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले, प्रचार टोली सदस्य राजीव तुली, नेटवर्क 18 के एंकर आनंद नरसिम्हन, इंडिया टीवी की एंकर मीनाक्षी जोशी, वरिष्ठ पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी, हरीश वर्णवाल, रक्षा विशेषज्ञ राजीव नयन, संसद टीवी एंकर प्रतिबिम्ब शर्मा तथा रामवीर श्रेष्ठ सहित कई विशिष्ट वक्ता भाग लेंगे।

आयोजन के साथ विषय से जुड़ी एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा पिछले वर्ष के ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर आधारित पुस्तक का विमोचन होगा। कार्यक्रम में पत्रकार, मीडिया शिक्षाविद्, छात्र-शोधार्थी, प्रबुद्ध महिलाएं, विश्वविद्यालय शिक्षक तथा पंच परिवर्तन के योद्धा बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

गौरतलब है कि प्रेरणा शोध संस्थान की स्थापना 2017 में चरित्र निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और मीडिया में राष्ट्रवादी मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से हुई थी। वर्ष 2020 से अब तक संस्थान ने पांच सफल विमर्श आयोजित किए हैं और यह छठा विमर्श होगा।प्रेस वार्ता के अंत में अनिल त्यागी ने मीडिया से राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में सहयोग की अपील की तथा सभी उपस्थितों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *