कुं० मायावती राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में दीक्षांत समारोह संपन्न

-उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर छात्राओं को सम्मानित किया गया
गौतमबुद्ध नगर,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
कुं० मायावती राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर, गौतमबुद्ध नगर में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर वार्षिक दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा उन्हें प्रमाण-पत्र, मेडल और डिप्लोमा प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य माननीय श्रीचंद शर्मा रहे। उन्होंने अपने संबोधन में तकनीकी शिक्षा के बढ़ते महत्व पर जोर देते हुए छात्राओं को प्रेरित किया। श्री शर्मा ने कहा कि छात्राओं को सकारात्मक ऊर्जा के साथ चुनौतियों को अवसर में बदलना चाहिए और निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।समारोह में कम्प्यूटर साइंस एण्ड इंजीनियरिंग शाखा की टॉपर्स को विशेष सम्मान दिया गया। इसमें गौरी त्यागी (प्रथम), संस्कृति गौस्वामी (द्वितीय) और खुशी सिंह (तृतीय) शामिल रहीं। आईटी शाखा से प्रभा ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर सर्टिफिकेट, मेडल, डिप्लोमा सर्टिफिकेट एवं मार्कशीट हासिल की। कुल 20 अन्य उत्तीर्ण छात्राओं को भी डिप्लोमा सर्टिफिकेट एवं मार्कशीट वितरित किए गए।
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. जानबेग लोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि दीक्षांत समारोह पूर्व छात्राओं से जुड़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है। पूर्व छात्राओं के अनुभव वर्तमान छात्राओं के करियर को नई दिशा देते हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान का संबंध छात्राओं के साथ स्नातक होने के बाद भी बना रहता है। प्लेसमेंट टीम निरंतर प्रयासरत रहती है और व्हाट्सएप ग्रुप तथा व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से नौकरी के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराती है।
इस अवसर पर संस्थान की लगभग 45 पूर्व छात्राओं ने भाग लिया। तीन पूर्व छात्राओं, जो वर्तमान में सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में कार्यरत हैं, को वर्ष 2025-26 के लिए ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया तथा उन्हें सर्टिफिकेट एवं मोमेंटो प्रदान किए गए।इसके अलावा, द्वितीय वर्ष की 49 छात्राओं को प्रथम वर्ष में उत्तीर्ण होने और NEP-2020 के अंतर्गत 46 क्रेडिट प्राप्त करने पर प्रमाण-पत्र दिए गए।समारोह में संस्थान के समस्त स्टाफ सदस्यों और वर्तमान छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *