नोएडा: सांसद डॉ. महेश शर्मा ने नोएडा के शिल्प हाट में उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का किया भव्य शुभारंभ

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का शुभारंभ शनिवार को नोएडा के सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित करके किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य चंद शर्मा, विधायक तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ से संबोधन और प्रदेश की प्रगति पर आधारित लाइव प्रसारण LED स्क्रीन पर दिखाया गया। सूचना विभाग की लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने संबोधन में कहा, “उत्तर प्रदेश दिवस प्रदेश की ऐतिहासिक पहचान, समृद्ध संस्कृति और निरंतर विकास को जनसामान्य तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी आज उद्योग, आईटी, स्टार्टअप, पर्यटन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।” उन्होंने लोककला, शिल्प और सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजनों की सराहना की तथा लोगों से अपील की कि वे तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लें।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीत “जय हिंद की सेना”, शास्त्रीय संगीत और लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। रागिनी गायक ब्रह्मपाल नागर के गीतों ने राष्ट्रीय भावना और सामाजिक चेतना को जीवंत किया। मतदाता शपथ दिलाई गई, जबकि गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया, जिसमें पौष्टिक आहार वितरित किया गया।स्थल पर करीब 120 स्टॉल लगाए गए, जिनमें एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), स्टार्टअप, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मिशन शक्ति, पर्यटन, कला-संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरें और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध थी। सांसद एवं अन्य अतिथियों ने स्टॉलों का दौरा कर उत्पादों की सराहना की और महिला स्वयं सहायता समूहों व युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित किया।स्वीप एवं मतदाता जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत युवाओं को ब्याज-मुक्त ऋण चेक और विश्वकर्मा टूलकिट वितरण योजना के अंतर्गत सिलाई मशीन आदि वितरित किए गए।मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि 24 से 26 जनवरी तक शिल्प हाट में यह आयोजन जारी रहेगा, जिसमें प्रदेश की योजनाएं, विकास कार्य, प्रमुख उत्पाद और सांस्कृतिक विविधता प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्टॉलों का भ्रमण कर उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, विरासत और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारी, जिला प्रशासन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह तीन दिवसीय उत्सव न केवल सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का माध्यम है, बल्कि विकास और समावेशी प्रगति का भी प्रतीक बनकर उभरा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *