नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
भारतीय पर्व आयोजन समिति, नोएडा पिछले 26 वर्षों से निरंतर विक्रम संवत के नववर्ष पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। इस परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी समिति अग्रवाल मित्र मंडल, नोएडा के सहयोग से नव संवत्सर 2083 के स्वागत में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन कर रही है।
कार्यक्रम 18 मार्च 2026 (बुधवार) को चैत्र कृष्ण अमावस्या के अवसर पर सायं 5 बजे से महाराजा अग्रसेन भवन, सेक्टर-33 ए नोएडा में आयोजित होगा। मुख्य आकर्षण रहेगा श्री सुन्दरकाण्ड पाठ की भावमय प्रस्तुति, जिसके माध्यम से भक्तों को राम भक्ति और नववर्ष की शुभकामनाओं का संदेश मिलेगा।
इस अवसर पर नोएडा समाज के 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का विशेष सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिवर्ष प्रकाशित होने वाली भारतीय तिथि एवं पर्व पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा, जो हिंदू पंचांग, तिथियों, व्रत-त्योहारों और महत्वपूर्ण तिथियों की विस्तृत जानकारी प्रदान करती है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में नवाब सिंह नागर, विमला बाथम और कैप्टन विकास गुप्ता शामिल होंगे।
कार्यक्रम संयोजक विपिन अग्रवाल और भारतीय पर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधीर मित्तल ने बताया कि यह आयोजन न केवल नववर्ष का स्वागत है, बल्कि समाज के वरिष्ठजनों को सम्मान देने, सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने और समुदाय में एकता व भक्ति भावना को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी नोएडावासियों, विशेषकर अग्रवाल समाज और अन्य समुदायों के लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
![]()
