दादरी में चार साल में 3925 करोड़ से अधिक का विकास कार्य: विधायक तेजपाल सिंह नागर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)।

दादरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजपाल सिंह नागर ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पिछले चार वर्षों में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्राधिकरणों, विभागों तथा राज्य सरकार की योजनाओं से कुल 3925 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निवेशित होकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई और अन्य आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से 2952 करोड़ 24 लाख, नोएडा प्राधिकरण से 492 करोड़ 4 लाख, लोक निर्माण विभाग से 164 करोड़ 53 लाख, विधायक निधि से 23 करोड़ सहित अन्य स्रोतों से कुल 3925 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य पूरे हो चुके हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा निवेश
दादरी विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 205 करोड़ रुपये की लागत से अस्पतालों का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इससे स्थानीय लोगों को अब बेहतर इलाज के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।

सड़क और पुल निर्माण
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दादरी विधायक ने जानकारी दी कि सड़कों के चौड़ीकरण, निर्माण और सुदृढ़ीकरण पर 165 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर पुल निर्माण के लिए 9.43 करोड़ रुपये व्यय किए गए, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

सिंचाई, बिजली और अन्य क्षेत्र

उन्होंने बताया कि किसानों की सिंचाई व्यवस्था सुधारने के लिए नहरों की मरम्मत और सफाई पर 4.76 करोड़ रुपये खर्च किए गए। बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 1.77 करोड़ रुपये से ट्रांसफार्मर स्थापना और लाइन विस्तार का कार्य हुआ।
शिक्षा क्षेत्र में 93 करोड़ और युवा सशक्तिकरण के लिए 20 करोड़ रुपये की योजनाएं चलाई गईं। जल निकासी योजना पर 4 करोड़ तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से गरीब परिवारों के इलाज के लिए 5 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई।

विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा, ‘‘दादरी की जनता ने जो विश्वास जताया, उसी के बल पर हमने हर क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में दादरी उत्तर प्रदेश की तेजी से विकसित हो रही विधानसभाओं में शामिल हो रहा है। हमारा लक्ष्य हर गांव, हर गली और हर परिवार तक विकास पहुंचाना है।’’

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *