विनोद शर्मा
ग्रेटर नोएडा, ( नोएडा खबर डॉट कॉम)
एशिया के सबसे बड़े नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का उद्घाटन 28 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों प्रस्तावित है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियां चरम पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 9 साल के विकास मॉडल, सुरक्षा, बढ़ते निवेश और अयोध्या-काशी के बाद मथुरा-वृंदावन विकास को केंद्र में रखते हुए भाजपा ने इसे यूपी 2027 विधानसभा चुनाव की ‘औपचारिक शुरुआत’ के रूप में देखा जा रहा है।
योगी का निरीक्षण, फिर संगठन की रणनीति
22 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर पहुंचकर एयरपोर्ट साइट का विस्तृत निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, इवेंट लॉजिस्टिक्स, कार्गो टर्मिनल और MRO सुविधाओं पर जोर दिया। योगी ने कहा कि यह एयरपोर्ट यूपी की अर्थव्यवस्था को 1 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व देगा और हजारों रोजगार सृजित करेगा।इसके ठीक दो दिन बाद मंगलवार (24 मार्च) को उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया जेवर पहुंचे। तीनों नेताओं ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक की और 28 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा में दो लाख से अधिक लोगों की भारी भीड़ जुटाने का स्पष्ट लक्ष्य तय किया।
मेरठ मंडल आयुक्त और डीएम ने किया स्थल निरीक्षण
जनसभा स्थल की सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर मेरठ मंडल के आयुक्त तथा जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) ने आज स्थल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीएम की सुरक्षा के लिए तीन लेयर व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट रूट और इमरजेंसी प्लान की विस्तृत समीक्षा की। प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी कोताही न बरती जाए।
पश्चिमी यूपी, हरियाणा, राजस्थान और एमपी तक संदेश
भाजपा नेताओं ने बैठक में जोर दिया कि जेवर एयरपोर्ट महज एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि योगी सरकार के 9 साल के ‘धमाकेदार’ विकास कार्यों का प्रतीक है। पंकज चौधरी ने कहा, “28 मार्च का दिन यूपी के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। यह कार्यक्रम पश्चिमी यूपी को नया विकास हब बनाने के साथ-साथ हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के निकटवर्ती क्षेत्रों तक ‘विकास और सुरक्षा’ का संदेश पहुंचाएगा।”
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि हर बूथ स्तर तक जनसंपर्क करें और लोगों को बताएं कि जेवर एयरपोर्ट यूपी को नई ऊंचाई देगा।
22-24-28 मार्च: तीन चरणों की रणनीति
22 मार्च: सीएम योगी का जेवर निरीक्षण
24 मार्च: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्ष का दौरा + दो लाख भीड़ का लक्ष्य
28 मार्च: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एयरपोर्ट उद्घाटन व विशाल जनसभा
इन तीनों कार्यक्रमों को जोड़कर देखा जाए तो साफ है कि भाजपा विकास और संगठन की दोहरी रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। बंगाल चुनावों को ध्यान में रखते हुए पीएम का संबोधन इन राज्यों तक भी विकास का संदेश पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन यूपी में भाजपा की 2027 चुनावी तैयारियों का नया अध्याय है। पश्चिमी यूपी अब ‘विकास का नया केंद्र’ बनने जा रहा है। दो लाख की भारी भीड़ और पूरे प्रशासनिक-पार्टी तंत्र की सक्रियता से 28 मार्च को जेवर की धरती गूंजने वाली है।
![]()
