गौतमबुद्धनगर, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
जनपद गौतमबुद्धनगर में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों (जीएचएस) को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए विशेष अपील की गई है। उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के प्रभारी परियोजना अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि “पीएम सूर्यघरः मुफ्त बिजली योजना” के तहत बड़े आवासीय परिसरों में सोलर पावर प्लांट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि क्षेत्रफल 5000 वर्गमीटर या उससे अधिक वाले हाईराइज भवनों, आरडब्ल्यूए, ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों, शासकीय-अर्धशासकीय संस्थानों तथा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में सोलर रूफटॉप स्थापना अनिवार्य है।
योजना की प्रमुख विशेषताएं:
- अनुदान: 500 किलोवाट तक की क्षमता पर 18,000 रुपये प्रति किलोवाट की दर से अधिकतम 90 लाख रुपये तक का अनुदान भारत सरकार द्वारा दिया जा रहा है।
- सामान्य क्षेत्र उपयोग: सोसायटी की स्ट्रीट लाइटिंग, वाटर पंपिंग, कार्यालय और साझा ईवी चार्जिंग स्टेशन आदि के लिए सब्सिडी उपलब्ध।
- प्रति घर क्षमता: आरडब्ल्यूए/जीएचएस के लिए प्रति घर अधिकतम 3 किलोवाट तक।
- व्यक्तिगत आवेदन: सोसायटी के निवासी अपनी व्यक्तिगत छतों पर भी अलग से आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
प्रभारी परियोजना अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों से अपील की है कि वे अपने विद्युत संयोजन के समतुल्य सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करें और शासन द्वारा दिए जा रहे अनुदान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।यह योजना न केवल बिजली बिल में भारी बचत करेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यूपीनेडा ने सभी सोसायटियों को शीघ्र आवेदन करने की सलाह दी है। अधिक जानकारी के लिए स्थानीय यूपीनेडा कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
