नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
मानसून आने में महज एक महीना बाकी है, लेकिन नोएडा प्राधिकरण अभी भी सोया हुआ है। न तो सड़कों की मरम्मत हो रही है, न ही नालों की सफाई। गड्ढों भरी सड़कें और भरे-भरे नाले अब शहरवासियों के लिए मानसून का सबसे बड़ा खतरा बन सकते हैं।
इस बार नोएडा के फेस वन के औद्योगिक क्षेत्र में सड़कें गड्ढों का जाल बन गई हैं। सेक्टर 1 से लेकर सेक्टर 12 तक, सेक्टर 22 से 33 तक और 62, 63, 37, 44, 50, 76, 78, 93, 100, 137, 143, 148 और 150 समेत दर्जनों इलाकों में गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक तो खासतौर पर परेशान हैं। कई जगहों पर गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं।
नालों की सफाई में घोर लापरवाही
सबसे चिंताजनक स्थिति नालों की है। मानसून से पहले नालों की सफाई का काम आमतौर पर मई में पूरा हो जाना चाहिए, लेकिन नोएडा प्राधिकरण ने अभी टेंडर जारी किया है। सूत्रों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया में जानबूझकर देरी की जा रही है।
आरटीआई एक्टिविस्ट अमित गुप्ता का कहना है कि अगर समय पर टेंडर नहीं निकला तो सफाई का काम जून के अंत या जुलाई में शुरू होगा, जब बारिश शुरू हो चुकी होगी।
बारिश के पहले ही पानी भर जाएगा, नाले उफान पर आ जाएंगे और सड़कों पर जलभराव हो जाएगा। इस बार नोएडा के बड़े-बड़े सेक्टर पानी में डूबे नजर आएंगे। सड़कों के गड्ढे हादसों के कारण बनेंगे।
सेक्टर 51 निवासी संजीव कुमार कहते हैं, “हर साल यही होता है। प्राधिकरण वाले मानसून आने के बाद जागते हैं। गड्ढों को भरने का कोई काम नही हो रहा है। मानसून के बाद सड़कों की रिपेयर एनजीटी की वजह से नही होगी।
फोनरवा के महासचिव के के जैन का कहना है कि अब नालों की सफाई भी नहीं हो रही। इससे दिक्कत बढ़ेगी।
ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने नाम न छापने
की शर्त पर बताया, “गड्ढों के कारण रोजाना छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं। अगर प्राधिकरण ने समय पर काम शुरू नहीं किया तो इस बार स्थिति और खराब होने वाली है।”
विधायक का आश्वासन
नोएडा विधायक पंकज सिंह ने सेक्टर 34 में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि उन्होंने सड़कों में गड्ढ़ों के मुद्दे पर अधिकारियों से बात की है और जल्द ही सड़कों की मरम्मत शुरू हो जाएगी।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से जब इस मुद्दे पर बात करने की कोशिश की गई तो कोई भी स्पष्ट जवाब देने को तैयार नहीं हुआ। सूत्र बताते हैं कि सड़क मरम्मत और नाले सफाई के कामों में ठेकेदारों के चयन और फंड रिलीज में अनावश्यक देरी की जा रही है।नोएडा के लाखों नागरिक अब सवाल पूछ रहे हैं —
आश्वासन कब तक, कार्रवाई कब? समय अब बहुत कम बचा है। अगर प्राधिकरण ने तुरंत सड़कों की मरम्मत और नालों की सफाई शुरू नहीं की तो इस बार भी पूरा शहर बारिश और गंदगी में तबाह हो जाएगा।
