अलर्ट न्यूज: आंधी-तूफान और वज्रपात का खतरा ! गौतमबुद्धनगर में 29 मई को सबसे ज्यादा असर, दामिनी और सचेत ऐप डाउनलोड कर लें

गौतमबुद्धनगर( नोएडा खबर डॉट कॉम)
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, तेज वर्षा और वज्रपात को लेकर आमजन को सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 मई से 31 मई तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है।

अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) के निर्देश पर जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने बताया कि इस दौरान तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। खासतौर पर 29 मई 2026 को मौसम का सबसे ज्यादा असर रहने की संभावना है। इस दिन 80-90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंके 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।जिलाधिकारी ने जनहानि, पशुहानि और संपत्ति क्षति से बचाव के लिए कई जरूरी सावधानियां बताई हैं:

महत्वपूर्ण सलाह:दामिनी ऐप और सचेत ऐप को Google Play Store से तुरंत डाउनलोड करें। ये ऐप्स 20-40 किलोमीटर के दायरे में वज्रपात की पूर्व चेतावनी देते हैं।
पेड़ों के नीचे, मोबाइल टावरों या ऊंची इमारतों के पास न खड़े हों।
बच्चों को खुले में न खेलने दें।
लोहे की खिड़कियों, दरवाजों, हैंडपंप या बिजली के उपकरणों को न छुएं।
धातु के छाते का इस्तेमाल न करें।
खुले वाहनों में यात्रा से बचें।
वज्रपात के समय जमीन पर न लेटें, तालाब-नदी या तैराकी से दूर रहें।
खराब मौसम में तुरंत पक्के मकान में शरण लें। यदि आसपास सुरक्षित जगह न हो तो दोनों कान बंद करके पैर सटाकर घुटनों के बल उकड़ू बैठ जाएं।
विद्युत उपकरणों को प्लग से अलग कर दें।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनपद को ऑरेंज ज़ोन में रखा है। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम अलर्ट को गंभीरता से लें और खुद व अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *