नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
हंसी अब सिर्फ मूड बनाने वाली नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए तनाव मुक्ति और खुशहाली का मासिक उत्सव बन गई है।
सेक्टर 21 स्थित जल वायु विहार क्लब के लाफ्टर क्लब ने एनसीआर की महिलाओं के लिए खास तौर पर ‘जलवायु लाफ्टर क्लब मासिक ऑल लेडीज़ लाफ्टर किटी मीट’ की शुरुआत कर दी है।
लाफ्टर योग के जनक डॉ. मदन कटारिया और माधुरी कटारिया की प्रेरणा से शुरू हुई इस पहल का मकसद है — हंसी के जरिए तनाव को विदा करना, भावनाओं को संतुलित रखना, दोस्ती के रिश्ते गढ़ना और खुद की देखभाल को मजेदार बनाना।
उद्घाटन सत्र में छाई खुशियों की बहार
पहले सत्र की शुरुआत शंखनाद से हुई। मधु बक्शी के शंख ध्वनि के साथ माहौल पवित्र और ऊर्जावान हो गया। इसके तुरंत बाद 15 मिनट का लाफ्टर योग सत्र चला, जिसमें हर कोई खुलकर हंसा। फिर उषा शर्मा ने पंजाबी धमाल “लट्ठे की चादर” गाकर सबका दिल जीत लिया। सबसे ज्यादा रंग चढ़ा जब सबने मिलकर “टाइम टू लाफ” लाफ्टर डांस पर थिरकना शुरू किया।करीब 75 महिलाएं इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। खास मेहमान के रूप में श्रीमती जॉनसन और बेल्स झांग भी मौजूद रहीं। पूरा हॉल मुस्कानों, संगीत, नृत्य और गर्मजोशी से गूंज उठा।
क्या कहते हैं लाफ्टर एम्बेसडर


JVC लाफ्टर क्लब के लाफ्टर एम्बेसडर कमोडोर अशोक साहनी ने कहा, “यह सिर्फ हंसने का कार्यक्रम नहीं है। हम महिलाओं को एक ऐसा मंच दे रहे हैं जहां वे बिना किसी दबाव के खुद को व्यक्त कर सकें, तनाव छोड़ सकें और सकारात्मक ऊर्जा से भर सकें।”हर महीने होने वाले इन सत्रों में लाफ्टर योग, ध्यान, मस्ती भरी गतिविधियां, गायन, नृत्य और वेलनेस से जुड़ी चर्चाएं शामिल होंगी। नोएडा की महिलाओं के लिए शुरू हुई यह नई किटी अब हर महीने हंसी की दावत देने वाली है। जो महिलाएं NCR में रहती हैं और अपनी जिंदगी में थोड़ी हंसी, थोड़ी मस्ती और बहुत सारा पॉजिटिव वाइब जोड़ना चाहती हैं, उनके लिए यह प्लेटफॉर्म खुला है।